एक हाथी का पानी में अपने महावत को पीठ पर बैठाकर गंगा नदी को पार करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। ये हाथी मंगलवार को अपनी पीठ पर महावत के साथ उफनती गंगा नदी में तैरते हुए कैमरे में कैद हुआ था। घटना बिहार के वैशाली के राघोपुर की है।

बिहार में वैशाली के राघोपुर में महावत को अपनी पीठ पर बैठाकर एक हाथी तैरकर गंगा पार कर रहा है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मंगलवार को गंगा में अचानक पानी बढ़ने के कारण राघोपुर क्षेत्र में हाथी के साथ महावत भी फंस गया था। लेकिन उसने हाथी के साथ गंगा को पार किया। 

बीच में कई बार ऐसा लगा जैसे ये लोग पार नहीं लग पाएंगे, कई बार हाथी पानी के अंदर तक डूब गया लेकिन उफनती गंगा में हाथी महावत को लेकर दूसरे किनारे तक पहुंच गया। तेज धार के बीच हाथी तैरते हुए करीब दो किलोमीटर तक आया, हाथी ने महावत का साथ नहीं छोड़ा और सही सलामत दोनों नदी पार कर गए। नदी पार कर रहे हाथी और हाथी के ऊपर बैठे महावत का वीडियो नाव से जा रहे लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया, यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

नदी में नाव से पार कर रहे लोग भी नजारा देखकर डर गए थे, तेज धार में थोड़ी सी चूक होती तो हाथी के साथ महावत की भी जान जा सकती थी, वीडियो में दिख रहा है कि कई बार पानी में हाथी डूब चुका है, वहीं महावत हाथी का कान पकड़े ऊपर बैठा है करीब दो किलोमीटर तक ऐसा कर महावत राघोपुर से पटना के लिए निकल गया।