यूक्रेन की सेना ने 13 सितंबर को एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियों में उन्होंने दावा किया है कि मंगलवार को यूक्रेनी-रूसी सीमा से 20 किलोमीटर से भी कम दूर वोवचांस्क को आजाद करा लिया गया है। यूक्रेन ने इस बात का भी दावा का है, कि उसने खारकीव क्षेत्र पर पूरी तरह से अपना कब्जा कर लिया है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सैन्य आक्रमण के बाद रूस ने इसे अपने कंट्रोल में ले लिया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, छह महीने तक रूसी कब्जे में रहने के बाद वापस से इन क्षेत्रों पर नियंत्रण हासिल करने के बाद यूक्रेनी सैनिकों ने कस्बों और गांवों पर झंडे लहराए हैं।
रिपोर्टों से ये भी पता चला है कि रूसी खुफिया अधिकारियों और सैन्य कमांडरों ने हाल की हार के कारण क्रीमिया से बाहर निकलना शुरू कर दिया था। वहीं यूक्रेन की सेना ने खारकीव क्षेत्र में इज्यूम और कुपियांस्क पर वैपस से अपना कब्जा कर लिया, जो कि डोनबास में रूसी सेना की आपूर्ति के लिए प्रमुख केंद्र हैं। खारकीव इलाके पर अपने नियंत्रण को मजबूत करने के बाद यूक्रेनी सैनिकों ने इमारतों की छतों पर राष्ट्रीय ध्वज भी लहराए।
यूक्रेनी सेना ने अब तक इस महीने में पूर्व और दक्षिण में 6,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र पर अपना कब्जा कर लिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपने संबोधन में ये भी कहा कि उनकी सेना यूक्रेन को रूसी कब्जे से पूर्ण रूप से आजाद कराने की दिशा में आगे कदम बढ़ा रही है।
वहीं रूसी सैनिकों के पीछे हटने के वाकिए को यूक्रेन की बड़ी जीत के तौर पर भी देखा जा रहा है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोमवार को बताया कि यूक्रेन ने अपने हालिया जवाबी हमले में 6,000 वर्ग किमी को वापस अपने कब्ज़े में ले लिया है।