कथित पेपर लीक मामले को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आया प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड इस मामले को अब तक नहीं सुलझा पाया है। इसी बीच बोर्ड की एक और बड़ी लापरवाही करने की तैयारी की खबर सामने आई है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल की परीक्षाओं में गड़बड़ी कर चुकी टीसीएस कंपनी को एक बार फिर व्यापमं के अफसर एग्जाम कराने के लिए कॉट्रैक्ट देने की तैयारी कर रहे हैं। जबकि यह वही कंपनी है जिसे इन्हीं अफसरों ने बाहर का रास्ता दिखाया था।

सूत्रों की माने तो टीसीएस को परीक्षाएं देने के लिये व्यापमं अधिकारियों ने एक बैठक तक कर ली है। टीसीएस को व्यापमं में कैसे एंट्री दी जाए, जिसके लिये सभी फॉर्मूले बैठाए जा रहे हैं। हालांकि मामले में पीईबी के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। बता दें कि टीसीएस को 2015 में बड़ी-बड़ी परीक्षाएं करने चुना गया था। पटवारी परीक्षा में गड़बड़ी होने पर व्यापमं ने टीसीएस से वसूली कर उसे बाहर कर दिया था।

व्यापमं को मिलेगा जल्द नया अध्यक्ष

व्यापमं अध्यक्ष अभी अवकाश पर हैं। वह 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनके रिटायरमेंट के बाद व्यापमं को जल्द ही नया अध्यक्ष मिलेगा। शासन स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

बीयू की परीक्षाएं 1 अप्रेल से होंगी शुरू

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) में एक अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में विवि ने वेबसाइट पर परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दिया है। यूजी तृतीय वर्ष की विभिन्न संकायों की परीक्षाएं एक अप्रैल से शुरू होंगी। वहीं यूजी द्वितीय वर्ष के विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं पांच अप्रैल से शुरू होगी। ज्यादातर पाठ्यक्रमों में शुरूआत के तीन पेपर फाउंडेशन कोर्स के होंगे। इसमें हिंदी, अंग्रेजी और पर्यावरणीय अध्ययन विषय शामिल हैं। वहीं यूजी तृतीय वर्ष में बीएसससी, बीएससी होमसाइंस, बीसीए, बीबीए, बीए, बीकाम, आनर्स आदि पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं एक अप्रैल से शुरू होंगी, जो अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक चलेंगी।

इधर विरोध प्रदर्शन जारी

कथित पेपर लीक मामले में प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, जिसके बाद मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं दूसरी सोमवार को प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के उम्मीदवारों ने सोमवार को पीईबी का घेराव कर नारेबाजी की गई। इस दौरान इंदौर, भोपाल, विदिशा, जबलपुर, रीवा समेत 12 से ज्यादा जिलों से आए उम्मीदवारों ने दोनो ही परीक्षा को रद्द करने की मांग की। प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों ने कहा कि यह तो शुरूआत है। अगर कोई हमारी मांगें नहीं मानते हैं, तो प्रदेश भर से उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। सभी जगह से उम्मीदवार भोपाल में आकर बाहर प्रदर्शन करेंगे। वहीं दूसरी ओर एनएसयूआई द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि इससे प्रदेश के प्रतिभामान युवाओं की प्रतिभा का हनन हो रहा है। एनएसयूआई ने मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है।