कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में रोडमैप नये सिरे से बन रहा है। माना जा रहा है कि इसमें कुछ और नये इलाके जोड़े जाएंगे। आगामी विस चुनाव के पहले राहुल की यात्रा मप्र कांग्रेस के लिये काफी महत्वपूर्ण हो गई है। कांग्रेस प्रयास कर रही है कि राहुल उज्जैन से जब गुजरे तो वे महाकाल मंदिर भी जाएं। यहां शाम को जनसभा भी कराई जाएगी। हाल में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना की थी। कांग्रेस भी उसी का जवाब देना चाहती है।

राहुल की यात्रा बीस नवंबर को मप्र की सीमा में प्रवेश करेगी। नर्मदा पूजन के बाद राहुल, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू भी जाएंगे। कांग्रेस का उज्जैन से हिंदू और महू से दलित आदिवासी वोटर्स को आकर्षित करने का इरादा है। इसके बाद राहुल की यात्रा इंदौर से भी गुजरेगी। आज से कांग्रेस नेता रूट स्कैनिंग शुरू कर रहे हैं। इसके बाद ही राहुल की टीम से समन्वय के बाद अंतिम तौर पर रूट चार्ट बनेगा।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर के रास्ते 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में एंट्री करेगी। प्रदेश में यात्रा के प्रभारी पीसी शर्मा के साथ पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी, मुकेश नायक, अरुण यादव, महेंद्र जोशी, बाला बच्चन, रवि जोशी समेत करीब 10 नेता पूरे रूट का दौरा करेंगे। जिन जगहों पर यात्रा विश्राम करेगी, कांग्रेस नेता उन स्थानों का निरीक्षण करेंगे। यात्रा में स्थानीय धर्मगुरुओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। कल मप्र के नेताओं की दिल्ली से आ रही टीम के साथ बैठक संभावित है। निरीक्षण की रिपोर्ट और यात्रा के सुझावों को भी शामिल करते हुए रूट और मप्र की यात्रा में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

तीन दिन बाद फिर शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा 

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन के विराम के बाद आज सुबह फिर शुरू हो गई। 50 वें दिन की यात्रा तेलंगाना के नारायणपेट जिले के मकतल से शुरू हुई। दिल्ली से वापस आकर यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से फिर से शामिल हुए। दरअसल दीपावली और मल्लिकार्जुन खरगे की ताजपोशी को लेकर भारत जोड़ो यात्रा को तीन दिन का विराम दिया गया था। यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी इस दौरान दिल्ली पहुंचे थे। वह मल्लिकार्जुन खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।