गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भाजपा नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट हत्याकांड मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की है। सोनाली की गोवा के एक रिसॉर्ट में पार्टी के बाद मौत हो गई थी। सोनाली का परिवार लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। हरियाणा सरकार ने भी परिजनों की मांग का समर्थन किया।

गोवा सीएम ने कहा कि सोनाली हत्याकांड मामले में पुलिस की जांच ठीक से चल रही है। पुलिस को कई अहम सुराग भी मिले हैं। लेकिन सोनाली के परिवार ने मांग की है कि इस मामले की सीबीआई से जांच होनी चाहिए। ऐसे में आज हम मामले को सीबीआई को सौंपने की सिफारिश कर रहे हैं। मैंने खुद केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

जांच पर सवाल उठा रहा परिवार-

सोनाली की 23 अगस्त को गोवा के कर्लीज रेस्टोरेंट में मौत हो गई थी। परिवार लगातार हत्या का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। परिवार का आरोप है कि गोवा पुलिस मामले की ठीक से जांच नहीं कर रही है।सोनाली के भतीजे विकास सिंघमार ने हाल ही में आरोप लगाया था कि गोवा पुलिस पर राजनीतिक प्रभाव है। इसलिए हम इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं।

सोनाली की बेटी यशोधरा फोगाट ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में मां सोनाली के लिए न्याय की मांग की है। उन्होंने लिखा, मैं सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा फोगाट सरकार से अपील करती हूं कि इस मामले की जांच सरकार सीबीआई को सौंपे।

गोवा पुलिस की जांच पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?

गोवा पुलिस ने पहले सोनाली की मौत को सामान्य मौत करार दिया था। जानकारी दी गई थी कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के दबाव के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। सोनाली के पीए सुधीर और सुखविंदर मुख्य आरोपी हैं। इनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जबकि कर्लीज क्लब एडविन के मालिक रूम बॉय दत्ता प्रसाद गांवकर और रामा मांड्रेकर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सोनाली की मौत कैसे हुई?

जांच में आगे पता चला कि सोनाली फोगट 22 अगस्त को गोवा आई थी। वह अंजुना होटल ग्रैंड लियोनी रिजॉर्ट में रुकी थीं। 22-23 अगस्त को कर्लीज क्लब में एक पार्टी थी। इस पार्टी में सोनाली भी गई थीं। पुलिस ने बताया कि पार्टी में उसे शराब पिलाई गई थी। कर्ली क्लब में पार्टी करने के बाद सोनाली होटल आई। उन्हें 23 अगस्त की सुबह बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। पुलिस का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।