उदयपुर-अहमदाबाद रेलवे लाइन पर रात में विस्फोट की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ओडा पुल से विस्फोट की आवाज सुनाई दी थी। जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि रेलवे का नया ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना विभाग को दी। लोगों की जागरूकता से बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
यह रेल लाइन 31 अक्टूबर से ही शुरू हुई थी। हाल ही में इस नए ट्रैक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। घटना की सूचना के बाद रविवार सुबह जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा केवड़ा की नाल स्थित ओडा रेलवे पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी भी मांगी है।
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने जताई चिंता-
इस घटना के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उदयपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग के ओडा रेलवे पुल पर रेल पटरियों को नुकसान पहुंचाने की घटना चिंताजनक है। पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं। डीजी पुलिस को घटना की तह तक जाने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे को पुल के पुनर्संचालन में पूर्ण सहयोग किया जाएगा। इस मार्ग के रेल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है।
घटना की जांच के आदेश जारी-
कलेक्टर ताराचंद मीणा ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में सावधानी से काम कर रहे हैं। साथ ही आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।