इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में ख़ास कारनामे को अंजाम दिया है। रूट ने इस मुक़ाबले में शतक लगाकर 10 हज़ार रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया। क्रिकेट एक्सपर्ट अब यह कहने लगे हैं कि जो रूट भविष्य में सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रनों के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकते हैं।
जो रूट ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 115 रन की मैच विजयी पारी खेली। इस शतक के साथ ही वे टेस्ट क्रिकेट में 10, हज़ार रन बनाने वाले दूसरे इंग्लिश बल्लेबाज़ भी बन गए। फ़िलहाल रूट दुनिया के अकेले बल्लेबाज़ हैं जो इस आंकड़े को पार कर मैदान में है। बाकी सभी दस हज़ारी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।
टेस्ट क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाये हैं। रूट ने अभी 118 टेस्ट खेले है और वे 10015 रन बना चुके हैं और वे बीते 4 सालों में लगातार अपने प्रदर्शन को बेहतर करते जा रहे हैं।
रूट ने अब तक अपने टेस्ट कॅरियर में करीब 50 के एवरेज से रन बनाये हैं। उन्होंने सचिन से 82 टेस्ट कम खेले हैं। अगर वे इसी एवरेज से लगातार रन बनाते रहे तो वे 200 टेस्ट तक 15 हज़ार रनों तक पहुँच सकते हैं। ऐसे में मास्टर ब्लास्टर सचिन का रिकॉर्ड भी खतरे में पड़ सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर का भी मानना है कि जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। टेलर के मुताबिक रूट अपने करियर के शीर्ष पर हैं और अभी उनकी उम्र 31 साल ही है ऐसे में अगर वे लगातार इसी तरह खेलते हैं तो 15 हजार प्लस रन बना सकते हैं।