पूर्वी मप्र में प्री-मानसून बारिश का सिलसिला जारी..!

भोपाल। फिलहाल प्रदेश के लोगों को 16 या 17 दिन और गर्मी झेलनी पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फिलहाल मौसम शुष्क ही रहने वाला है। मानसून की गति देख लग रहा कि राज्य में मानसून 15 जून के बाद ही पहुंचेगा।  तब तक राज्यभर में तापमान 38 से लेकर 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 31 मई को राज्य में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, सिवनी, बालाघाट, मंडला, दमोह, सागर एवं जबलपुर जिलों के अलावा रीवा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छींटे आ सकते हैं या बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से दक्षिणी उत्तर प्रदेश से होकर असम तक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उसके आसपास ट्रफ लाइन के रूप में बना हुआ है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के असर से मिल रही नमी के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हो रही है। हालांकि शेष जिलों में नमी कम होने के कारण उमस की स्थिति बनी हुई है।