गुरुवार को देशभर में करवा चौथ का व्रत मनाया गया। इस मौके पर सर्राफ़ा बाजार में गज़ब की रौनक देखने को मिली। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स और ऑल इंडिया ज्वैलर्स एवं गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने एक संयुक्त बयान जारी करके करवा चौथ के मौके पर हुई सोने की जबरदस्त बिक्री को लेकर जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि सोने की ज्वेलरी में भी व्यापारियों को करवा चौथ के मौके पर शानदार बिकवाली देखने को मिली। साथ ही उन्होंने बताया कि अगले महीने से शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। जिसके चलते लोगों ने अभी से ही शादियों के लिए गहनों की बुकिंग शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है, कि करवाचौथ के दिन देश भर में लगभग 3 हजार करोड़ रुपये के सोने और सोने के गहनों की ज्वेलरी की बिक्री हुई। पिछले साल ये आंकड़ा करीब 2,200 करोड़ रुपये का रहा था। पिछले साल के मुकाबले इस साल सोना महंगा हो गया है। जान लें, कि पिछले के करवा चौथ की तुलना में इस बार सोने की कीमतें 3400 रुपये प्रति 10 ग्राम अधिक हैं। हालांकि, चांदी की रेट में गिरावट दर्ज की गई है और ये 11 हजार रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई है।

 राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का दाम करीब 52 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम है। तो वहीं 22 कैरेट का सोना करीब 48 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिका। व्यापारियों ने बताया कि अक्टूबर और नवंबर का महीना सोने चांदी के व्यापार के लिए शुभ माना जाता है। इस दौरान कई त्योहार आते हैं और फिर शादियों का सीजन शुरू हो जाता है, जिसकी वजह से सरार्फा बाजार में इन दिनों काफी रौनक देखने को मिलती है। 

त्योहारी सीजन में सोने की कीमतों में उछाल आया है। पिछले महीने सोने की कीमतें 49 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थीं। लेकिन त्योहारी सीजन की शुरूआत के बाद गोल्ड और महंगा हो गया है। बीते दिनों सोना 50,869 की अधिकतम दर पर बिका था। बता दें कि इस गोल्ड के रेट की गणना टैक्स के बिना की गई है। सोने पर जीएसटी शुल्क अलग से देना पड़ता है। अगर आप सोने का गहना खरीदते हैं, तो जीएसटी के अलावा मेकिंग चार्ज भी लगता है। इस वजह ज्वैलरी की कीमतें और भी अधिक होती हैं।