भोपाल.शहडोल जिले में फिर एक बाघ की मौत से हड़कंप मच गया. बाघ की मौत कैसे हुई, इस बारे में कुछ भी साफ नहीं है. लेकिन ऐसा लग रहा है कि बाघ को मारा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद असली कारण सामने आएगा.
शहडोल सर्किल में एक और बाघ की मौत हुई थी. अब एक बार फिर से मुड़ना नाला के पास एक बाघ का शव मिला है, जिसके बाद वन महकमे में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. वन विभाग के बड़े अफसर भी मौके पर पहुंच रहे हैं. घुनघुटी वन परीक्षेत्र के बलवाई बीट में एक बार फिर से बाघ का शव मिला है, जिसके बाद वन महकमा सकते में आ गया है.
बाघ की मौत किस वजह से हुई है, इसकी वजह संदेहास्पद बताई जा रही है. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बाघ की मौत करंट से हुई है. ऐसा भी हो सकता है कि बाघ का शिकार करने की कोशिश की गई हो, हालांकि बाघ की मौत कैसे हुई है. इसके सही कारणों का पता अभी नहीं लग पाया है. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा.
विभाग की जांच शुरू-
बाघ की मौत की खबर लगते ही डॉग स्कवॉयड की टीम को भी बुलाया गया है. इस पूरे मामले को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुन सिंह बाजवा से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि बाघ की मौत कैसे हुई, यह भी संदेहास्पद है. डॉग स्कवॉयड को बुलाया गया है. मामले की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है. गौरतलब है कि जिस तरह से आए दिन बाघ की मौत हो रही है, उसने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं.