भोपाल: विन्ध्य पुनर्निर्माण मंच के संरक्षक व मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी के आह्वान पर विन्ध्य क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट को लेकर मंच के कार्यकर्ता 5 मई गुरूवार को सभी जिला व तहसील मुख्यालयों में कलेक्टर, एसडीएम को मुख्यमंत्री व ऊर्जामंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर हल्लाबोल करेंगे.
वर्तमान में समूचे विन्ध्य क्षेत्र में बिजली की भारी अव्यवस्था व्याप्त है, 15-15 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जले ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा रहे व मनमाने बिजली बिल जारी किये जा रहे हैं इन सब से आमजन, किसान, व्यापारी, विद्यार्थी बुरी तरह परेशान हैं. फसलों की गहाई चल रही है, परीक्षाये जारी हैं और इस भीषण गर्मी में बिजली कटौती से आमजन का जीना दूभर हो गया है.
विन्ध्य में जारी अघोषित बिजली कटौती से आमजनता को हो रही भारी परेशानी के मामले में मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा है कि कोयले की अकूल संपदा का भंडार विन्ध्य में है, तमाम बिजली उत्पादन इकाईयॉं विन्ध्य में होने के बाबजूद भी विन्ध्य के साथ छलाबा किया जा रहा है, सबसे ज्यादा बिजली कटौती सिर्फ विन्ध्य क्षेत्र में ही हो रही है. विन्ध्य का कोयला और विन्ध्य की उत्पादित बिजली पूरे देश में जा रही है, हमारी संपदा के दोहन के बाबजूद हमें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
त्रिपाठी ने कहा कि सरकार जानबूझकर विन्ध्यवासियों के समक्ष कृतिम बिजली संकट खड़ा कर उनके जनजीवन को कष्टदायी बना रही है. आज हमारा किसान, व्यापारी, नौजवान सब परेशान हैं. मनमाने बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, गरीबों पर हजारों के फर्जी बिल जारी कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है. त्रिपाठी ने विन्ध्य की जनता से इस अन्याय के विरोध में सजग होने व पुरजोर विरोध करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर आमजनता की भागीदारी सुनिश्चित कर 05 मई को ज्ञापन दें व हल्लाबोल करें ताकि आम आदमी को बिजली कटौती से निजात मिल सके.