I.N.D.I.A Coordination Meeting: दिल्ली में इंडिया (I.N.D.I.A) गठबंधन की समन्वय समिति की बैठक बुधवार यानी आज 13 सितंबर 2023 को होने वाली है. इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के बारे में चर्चा की जाएगी. इसको लेकर सभी पार्टियां अपनी नीति तैयार कर रही है.

मुंबई के बाद बुधवार को इंडिया गठबंधन के समन्वय समिति की बैठक एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के दिल्ली स्थित आवास पर होगी. इस बैठक की अध्यक्षता ख़ुद शरद पवार करेंगे. ख़बरों के मुताबिक, शाम 4 बजे के बाद मीटिंग शुरू होगी. बता दें कि यह समन्वय समिति की पहली बैठक हैं.

इंडिया गठबंधन के समन्वय समिति की पहली बैठक आज-

हालांकि, बैठक शुरू होने से पहले ही बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा हैं. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, आज शरद पवार के घर AHCC यानी Anti Hindu Coordination Committee की बैठक है. हिंदू धर्म को किस प्रकार समाप्त किया जाए उसे लेकर 26 दल आज बैठक करेंगे.

हिंदू धर्म को समाप्त करने वाली ये बैठक- संबित पात्रा

संबित पात्रा बोले, कुछ चैनल ये भी दिखा रहे हैं कि आज इनके बीच सीट शेयरिंग पर भी चर्चा होगी. मगर सुबह से ये भी देख रहे हैं कि इनके बीच सुबह से ही खींचतान चल रही है. दरअसल, ये कोई सीट शेयरिंग, प्रचार-प्रसार, मुद्दों और मेनिफेस्टो की बैठक नहीं है.

उन्होंने आगे कहा, जैसे 2-3 दिन पहले उनके एक महत्वपूर्ण सदस्य ने कहा था कि हम 26 राजनीतिक दलों का एक ही मत है कि हिंदू धर्म को किस प्रकार मिटाना है और किस प्रकार हिंदू धर्म को समाप्त करना है. आज उसी विषय को लेकर इनकी बैठक होने वाली है.

राहुल गांधी पर संबित पात्रा का तंज-

उदयनिधि स्टालिन से लेकर इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं द्वारा हिन्दू धर्म को लेकर दिए गए बयान पर संबित पात्रा बोले, अगर किसी और धर्म के लिए इस तरह के शब्दों का प्रयोग किया गया होता, तो आज पूरे विश्व में हाहाकार मच गया होता. ये लोग हिंदुस्तान की शिकायत लेकर यूएन पहुंच जाते. ये सब गलती से किसी के मुंह से नहीं निकला, बल्कि ये एक डिजाइन है.

उन्होंने आगे कहा, जिस डिजाइन के अंतर्गत वर्षों पहले प्रायोजित रूप से राम मंदिर के खिलाफ कहा था कि भगवान राम का अस्तित्व नहीं है, भगवान राम तो काल्पनिक हैं. याद करिए जब राहुल गांधी ने कहा था हमें सिमी से नहीं बल्कि हिंदुओं से खतरा है. ये सोच समझकर बोला गया था.

इंडिया गठबंधन पर संबित पात्रा ने साधा निशाना-

कांग्रेस को घेरते हुए संबित पात्रा ने कहा, राहुल गांधी विदेशों में जाकर हिंदुओं की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड और ISIS से करते हैं. ये कोई controversial statement नहीं सोच समझ कर दिया गया बयान है. आज Anti Hindu Coordination Committee में ये सभी 26 दल एक स्वर में हिंदुओं के खिलाफ बोलने वाले हैं.

उन्होंने आगे कहा, उद्धव ठाकरे के बयान से भी ये स्पष्ट होता है कि वो कहते हैं कि राम मंदिर जब बन जाएगा तब हिंदुओं के साथ गोधरा जैसा कांड हो सकता है. इससे ज्यादा घृणापूर्ण बयान और क्या हो सकता है? आज लोकतांत्रिक रूप से प्रत्येक हिंदुस्तानी छत्रपति शिवाजी बनकर खड़ा होगा और इस Anti Hindu Coordination Committee की सनातन को मिटाने की चेष्टा को लोकतांत्रिक रूप से संभव नहीं होने देगा.