जम्मू-कश्मीर के डीजीपी जेल हेमंत कुमार लोहिया की सोमवार रात गला रेत कर हत्या कर दी गई। एडीजीपी जम्मू मुकेश सिंह ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी डीजीपी लोहिया का घरेलू नौकर यासिर अहमद है। आरोपी रामबन का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यासिर का व्यवहार काफी आक्रामक था। सूत्रों का ये भी कहना है, कि वो डिप्रेशन में भी था।

घटना के बाद आतंकी संगठन PAFF ने भी एक प्रेस रिलीज़ करके कहा है, कि हमारे विशेष दस्ते ने उदयवाला में एक खुफिया ऑपरेशन चलाया है। हमने जम्मू-कश्मीर के डीजी जेल एचके लोहिया जैसे हाई प्रोफाइल लोगों को मार गिराया। यह इस तरह के हाई प्रोफाइल ऑपरेशन की ये शुरुआत भर है। हिंदुत्व शासन और उसके सहयोगियों के लिए यह हमारी चेतावनी है कि हम कभी भी और कहीं भी निशाना बना सकते हैं। जम्मू-कश्मीर का दौरा करने वाले शासन के गृह मंत्री को ये हमारी तरफ से छोटा सा तोहफ़ा है। हम ऐसा करना जारी रखेंगे।

PAFF जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक पाकिस्तानी आतंकी संगठन है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद इस नए आतंकी संगठन का नाम सामने आने लगा है. वह आतंकवादी संगठन गजवत-उल-हिंद के मारे गए कमांडर जाकिर मूसा से प्रभावित है।

वहीं गृहमंत्री अमित शाह अपने दिनों 3 दिन के जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। घाटी में धारा 370 हटने के बाद से शाह का ये दूसरा कश्मीर दौरा है इससे पहले वे 2021 में वहां गए थे।