केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विभिन्न मोर्चों की दो दिवसीय संयुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र की अध्यक्षता की। सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बताया कि 2024 में BJP-JDU मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा, 2024 में नरेंद्र मोदी बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों को लेकर बहस हमेशा सुर्खियों में बनी रहती है। इस समय पीएम नरेंद्र मोदी के राजनीति से संन्यास लेने और उम्मीदवारों के रूप में नए चेहरों की अटकलें तेज हैं। लेकिन बीजेपी की तरफ़ से 2024 में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

BJP का मिशन 2024 -

अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी की फ़िर से जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रयासों में जुटने का निर्देश दिया। पटना में आयोजित संयुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए शाह ने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्गों (OBC) तक भाजपा सरकार की नीतियों और अंत्योदय के विचार को पहुँचाने की बात कहीं है।

गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाते हुए 300 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन अब 2024 लोकसभा का चुनावी दौर जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक गलियारों में पीएम उम्मीदवार के नाम को लेकर चर्चा भी तेज हो गई है। सभी पार्टिया मिशन 2024 की तैयारियों में अभी से ही जुट गई है। इसके लिए विपक्ष भी एकजुट होने की तैयारी में लगा हुआ है।