क्रिकेट के मैदान पर गेंद और बल्ले के रोमांच के बीच कुछ पल ऐसे भी आते हैं जिन पर भरोसा करना मुश्किल हो जाता है। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भी ऐसा ही एक नजारा सामने आया जिसे देख खिलाड़ी ही नहीं दर्शक भी हैरान रह गए। 

दरअसल इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए। सीरीज में आउट ऑफ फॉर्म चल रहे निकोल्स ने इंग्लिश स्पिनर जैक लीच  की गेंद पर आगे बढ़कर ड्राइव खेला  लेकिन वे बेहद बदकिस्मत रहे। 

सीधा शॉट अपनी और आता देख नॉन स्ट्राइकर एंड पर बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने बचना चाहा लेकिन गेंद उनके बल्ले से टकराकर मिड ऑफ की ओर चली गई। जहां  फील्डर  एलेक्स लीस  ने उसे लपक लिया। इस तरह निकोल्स टेस्ट क्रिकेट में अनोखे तरीके से आउट हो गए।  

 क्रिकेट इंग्लैंड ने अपने ऑफिशियल टि्वटर अकाउंट से अजीबोगरीब तरीके से आउट होने के वीडियो को शेयर किया है-

 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इस पर बड़े मजेदार कमेंट भी आ रहे हैं। 

गौरतलब है कि  वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच चल रही टेस्ट श्रृंखला का यह तीसरा मुकाबला है। तीसरे टेस्ट के पहले दिन सीरीज में 0-2 से पीछे चल रही न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पहले दिन का खेल खत्म होने पर 225/5 रन बनाया। उसकी तरफ से डैरिल मिचेल (78) और टॉम ब्लंडेल (45) रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड की तरफ से स्टुअर्ट ब्रोड और जैक लीच ने दो-दो विकेट लिए।