तमिलनाडु में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि फूड प्वाइजनिंग से 3 बच्चों की मौत हुई है. जबकि करीब 11 बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला तमिलनाडु के तिरुप्पुर में एक बाल गृह का है.

अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों का फिलहाल इलाज चल रहा है. प्रशासन की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार की रात बच्चों ने रसम और लड्डू के साथ चावल खाए. जिसके कुछ समय बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी. फिर गुरुवार सुबह जब बच्चों ने नाश्ता किया तो उनकी हालत बिगड़ गई. कुछ बच्चे बेहोश भी हो गए.

बाल गृह में कुल 17 बच्चे हैं-

सूत्रों के अनुसार, तिरुप्पुर में श्री विवेकानंद सेवालय द्वारा निराश्रित बच्चों के लिए एक बाल गृह चलाया जाता है, जिसमें वर्तमान में 17 बच्चे हैं. पुलिस ने घटना स्थल पर जांच शुरू कर दी है. मृतक बच्चों की उम्र 10 से 13 वर्ष के बीच है. पुलिस ने बताया कि बच्चे को खराब खाना परोसा गया. खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने परिसर का निरीक्षण किया है. बाल संरक्षण इकाई ने भी मामले की जांच की है.

कलेक्टर ने अस्पताल में बच्चों से की मुलाकात-

तिरुप्पुर के कलेक्टर ने इलाज करा रहे बच्चों से मिलने के बाद बताया कि बुधवार को बच्चों को रसम चावल परोसा गया था. खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा. फ़िलहाल पुलिस भी जांच में जुटी हैं.