भोपाल: राज्य सरकार ने जल संसाधन विभाग के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि बैतूल जिले के चिचोली उपसंभाग जल संसाधन में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी प्रवीण भूमरकर तथा उप यंत्री राजू बागड़े ने गोधना जलाशय बेसिन में अनधिकृत उत्खनन से बांध की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की तक्काल वरिष्ठ कार्यालय को सूचना नहीं दी गई जोकि उनकी गंभीर अनियमितता थी।
इसी प्रकार, जल संसाधान संभाग डिण्डौरी में पदस्थ उप यंत्री सुरेश कुमार मिश्रा के खिलाफ रीवा पुलिस ने प्राणघातक हमले एवं अवैध हथियार रखने के पंजीबध्द अपराध में रीवा न्यायालय में चालान पेश कर दिया है। इन्हीं आधारों पर अब तीनों अधिकारियों को निलम्बित किया गया है।
ईएनसी का फेसबुक अकाउण्ट हैक हुआ :
इधर जल संसाधन विभाग के ईएनसी मदन सिंह डावर का फेसबुक अकाउण्ट हैक हो गया है और उसमें अवांछित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ईएनसी ने इसकी शिकायत भोपाल पुलिस के सायबर सेल में दर्ज करा दी है।