मध्यप्रदेश में स्थित एयर इण्डिया की तीन सम्पत्तियां बेची जायेंगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिख कर कहा है कि राज्य सरकार स्वयं इस संपत्ति का क्रय करे।

ये तीन सम्पत्तियां खजुराहो और भोपाल में हैं। खजुराहो में 8094 वर्गमीटर प्लाट जोकि विद्याधर हाउसिंग कॉलोनी में खसरा नंबर 16 सी एण्ड 17 के साडा में है। जबकि दो अन्य सम्पत्तियां राजधानी भोपाल में हैं, जिनमें साउथ टीटी नगर में झरनेश्वर हाउसिंग काम्प्लेक्स में आठ फ्लेट हैं जबकि टीटी नगर भदभदा रोड पर सीटी बुकिंग आफिस 10/59 है।

केंद्र सरकार एयर इण्डिया से जुड़ी अपनी देनदारियों के भुगतान हेतु उक्त तीनों सम्पत्तियों को विक्रय करना चाहती है तथा उसने इनका स्वयं मप्र सरकार द्वारा किये जाने का आग्रह किया है।

फिलहाल मप्र सरकार ने खजुराहो की सम्पत्ति के लिये 1 लाख 93 हजार 406 रुपये का तथा भोपाल के आठ फ्लेटों का 22 लाख 11 हजार 840 रुपये का एवं सीटी बुकिंग आफिस का 31 लाख 39 हजार 427 रुपये का आफर दिया है। केंद्र सरकार इस ऑफर से अधिक धन चाह रही है जिसके लिये उसने मप्र सरकार को पुन: पत्र लिखा है।