लखनऊ के दबग्गा में धर्म परिवर्तन का विरोध करने पर एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को चौथी मंजिल से फेंक दिया। युवती को गंभीर रूप से घायल हालत में हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां कुछ देर के बाद ही उसकी मौत हो गई। इस धटना के बाद से आरोपी फरार है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर हत्या और जबरन धर्म परिवर्तन का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, निधि गुप्ता का सुफियान से अफेयर था। कुछ दिन पहले सूफियान ने उसे एक मोबाइल दिया था। इसकी जानकारी परिजनों को मंगलवार को हुई। इसकी शिकायत करने जब वे सुफियान के घर पहुंचे तो दोनों परिवारों के बीच हाथापाई हो गई।
परिवार का आरोप है कि सुफियान ने निधि को चार मंजिला इमारत की बालकनी से नीचे फेंक दिया। नीचे गिरने से निधि की दर्दनाक मौत हो गई। अब सुफियान और उसका परिवार फरार है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। परिजनों व आसपास के लोगों में कोहराम मच गया। इस घटना से हिंदू संगठनों में काफी रोष नज़र आ रहा है।
मामला दबग्गा स्थित डूडा कॉलोनी के ब्लॉक 41 का है। यहां रवि गुप्ता अपनी पत्नी लक्ष्मी गुप्ता, बेटी काजल और निधि के साथ रहते हैं। सूफियान मोहल्ले के ब्लॉक 40 में रहता है। रवि ने कहा कि सुफियान उनकी बेटी निधि का ब्रेनवॉश कर रहा था। उसने निधि को एक मोबाइल भी दिया।
निधि के पिता का कहना है, कि वह उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर इस्लाम कबूल करवाना चाहता था। निधि के पास से सुफियान का दिया हुआ मोबाइल फोन भी मिला है।
मां लक्ष्मी गुप्ता ने आरोप लगाया कि सुफियान निधि को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कर रहा था। मना करने पर सुफियान ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। उनका कहना है ये लोग मेरी बेटी को उठा ले गए। मां ने बताया कि निधि कुछ दिन पहले अपनी नानी के घर गई थी। वहां से लौटने के बाद वह सुफियान से नहीं मिली। सूफियान से बात तक नहीं की। इससे सूफियान नाराज हो गया था।
मामले में इंस्पेक्टर ने बताया कि निधि की मां की तहरीर पर आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का परिवार फरार है।