डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' के पोस्टर को लेकर चल रहे विवाद के बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' के पोस्टर का बचाव करते हुए महुआ मोइत्रा ने कहा, 'काली के कई रूप हैं। मेरे लिए काली का मतलब मांस प्रेमी और शराब को स्वीकार करने वाली देवी है। लोगों की अलग-अलग राय है, मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है।'
काली के पोस्टर को लेकर हुआ विवाद
डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें मां काली को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया था। उनके एक हाथ में एलजीबीटी समुदाय का रंगीन झंडा भी है। यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई की है।
मां काली का ऐसा पोस्टर सामने आने के बाद लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया और पोस्टर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। कई लोगों ने फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई की गिरफ्तारी की मांग की। अब पूरा मामला पुलिस तक पहुंच गया है। फिल्म के पोस्टर को लेकर धार्मिक भावनाओं का अपमान करने के लिए दिल्ली, यूपी और मुंबई में एफआईआर दर्ज की गई है।
जुबैर की गिरफ्तारी पर क्या कहा टीएमसी सांसद ने?
फैक्ट चेकर जुबेर की गिरफ्तारी को लेकर महुआ मोइत्रा ने कहा, जुबेर एक फैक्ट चेकर है। उन्होंने पूछा, हिंसा भड़काने वाली नूपुर शर्मा की तुलना में जुबैर ने क्या किया है?
जुबेर को 27 जून को गिरफ्तार किया गया था
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पिछले महीने 27 जून को फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर को गिरफ्तार किया था। मोहम्मद जुबैर पर सोशल मीडिया के जरिए धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप है। हाल ही में दिल्ली पुलिस ने फैक्ट चेकर जुबैर के खिलाफ विदेशी चंदा लेने, साजिश रचने और सबूत मिटाने के आरोप में नई धाराएं जोड़ी हैं।
यह भी पढ़े...