Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है. आज दूसरे दिन लोकसभा में महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पेश की गई. इस रिपोर्ट पर बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा, उनके पास अपनी कोई नीति नहीं है. वे हमेशा केवल अपने फायदे के लिए एक साथ आते हैं. बीजेपी की भारी जीत के बाद वे 2024 के लिए डरे हुए हैं.
वहीं, एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि वे इसे रखेंगे या नहीं. महुआ के ऊपर आरोप है कि उन्होंने पैसे लेकर सदन में सवाल पूछे हैं. इसे लेकर उनके खिलाफ जांच हुई है. इस मुद्दे पर कल भी खूब हंगामा हुआ था, जिसके चलते कोई चर्चा नहीं हो सकी.
हालांकि, केंद्रीय विश्वविद्यालय और अधिवक्ता संशोधन विधेयक जरूर पेश किये गये. इसके अलावा आज सदन में देश की आर्थिक स्थिति पर चर्चा चल रही है.
करोड़ों रुपये की संपत्ति ईडी द्वारा जब्त की गई-
राज्यसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन को बताया कि जानबूझकर डिफाल्टरों पर कार्रवाई की जा रही है. बैंक इन डिफॉल्टरों से पैसा वापस पाने के लिए कदम उठा रहे हैं. 31 मार्च 2020 तक कुल 33,801 करोड़ रुपये की वसूली हुई. उन्होंने कहा कि लगभग 15,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि डिफॉल्टरों से बैंकों को वापस कर दी गई, जिन पर PMLA कार्रवाई की गई. 1 दिसंबर तक 15,186.64 करोड़ रुपये की संपत्ति ईडी द्वारा जब्त की गई है.
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ AAP का प्रदर्शन-
आम आदमी पार्टी के सांसदों ने संसद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के पास खड़े होकर केंद्र सरकार के जरिए जांच एजेंसियों के किए जा रहे दुरुपयोग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. आप सांसद राघव चड्ढा हाथ में पोस्टर लिए खड़े हुए भी दिखाई दिए. इस दौरान सांसदों ने नारेबाज़ी भी की है.
राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित-
राज्यसभा को 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया है. वर्तमान में संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है, जो 22 दिसंबर तक चलने वाला है. इस सत्र की शुरुआत ही हंगामेदार तरीके से हुई.
17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र-
एक तरफ जहां आज संसद के शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन है. वहीं, दूसरी तरफ 'इंडिया' गठबंधन दल के नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दफ्तर में कल (6 दिसंबर) बैठक बुलाई गई थी, जो लगभग टल ही गई. संसद का यह सत्र 22 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें 15 बैठकों में करीब 21 बिल पेश किए जाने हैं. गौरतलब है कि यह 17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र है.