सरकारी तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल-डीजल के रेट का ऐलान कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले चार महीनों में तेल की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। जहां तक महाराष्ट्र राज्य की बात है तो आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यानी कीमत स्थिर है। महाराष्ट्र उन राज्यों की सूची में है जहां कई दिनों से पेट्रोल 100 रुपये से अधिक में बिक रहा है।
आइए जानें आज पुणे से लेकर नासिक, मुंबई समेत राज्य के सभी प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतें क्या हैं। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 109.98 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 94.14 रुपये प्रति लीटर है। पुणे में पेट्रोल की कीमत 109.52 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 92.31 रुपये प्रति लीटर है।
दरअसल, रिपोर्ट के मुताबिक ईंधन की कीमतों में जल्द ही इजाफा होगा। अभी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में अगले हफ्ते चुनाव ख़तम होने के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना है। चुनाव के बाद तेल कंपनियां पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से भी ज्यादा हो गई है।
ऐसे में तेल कंपनियों को सामान्य मार्जिन हासिल करने के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की जरूरत है। वहीं, PPAC के मुताबिक भारत द्वारा खरीदे गए कच्चे तेल की कीमत 1 मार्च को 102 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गई थी। यह अगस्त 2014 के बाद से ईंधन की उच्चतम कीमत है।