बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर शहर में अवैध मस्जिदों और मजारों के निर्माण के खिलाफ आवाज उठा रही हैं. उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि झील और सड़क के बीच की मजार बार बार बनती और टूटती है। आखिर अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जाती है।
कार्रवाई के निर्देश
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में पहुंचकर भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने अधिकारियों को किसी भी तरह के अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, 'हमारा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं है, बल्कि शहर के विकास से किसी भी तरह से समझौता नहीं करना है।
प्रज्ञा ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि आप अतिक्रमण के नाम पर फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। फुटओवर ब्रिज तो बन गया, लेकिन बीच में मजार कहां से आई? क्या वीआईपी रोड पर बनी मजार यातायात में बाधा नहीं? सबकी अपनी-अपनी धार्मिक भावनाएँ होती हैं, लेकिन उनके लिए उचित स्थान होना चाहिए। हमें इससे ऐतराज नहीं है।
इससे पहले भोपाल के केंद्रीय विद्यालय में एक मस्जिद का मामला सामने आया था। बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने तब भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने स्कूल परिसर के मस्जिद बनने के बाद बाहरी लोगों की आवाजाही को लड़कियों के लिए खतरा बताया था। सांसद ने बच्चों को भी सतर्क रहने की सलाह दी थी।