भोपाल. प्रदेश में रविवार शाम से शुरु हुई बारिश सोमवार को भी जारी है. लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया है, ऐसे में लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने करीब 53 घंटों तक की भारी बारिश की चेतावनी दी है। इधर विदिशा जिले में लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी कर दी है। मौसम में आई खराबी के कारण कई फ्लाइट भी डायवर्ट हो चुकीं हैं।
53 घंटे होगी मूसलाधार बारिश
प्रदेश में बारिश कम होने का नाम नहीं ले रही है. बारिश का यह दौर करीब 53 घंटे तक बने रहने का अनुमान है। राजधानी भोपाल में पिछले कई घंटों से लगातार बारिश हो रही है, इस कारण निचली बस्तियों सहित मुख्य मार्गों पर भी जल भराव हो गया है. हालात ये है कि नर्मदापुरम रोड सहित अनेक जगहों पर तो कई कॉलोनियां जल मग्न हो गई हैं.
फ्लाइट डायवर्ट
मौसम खराब होने के कारण कई फ्लाइट प्रभावित हुई हैं, कई फ्लाइट का रूट डायवर्ट किया गया है. लगातार बारिश के चलते कई विमान उड़ान नहीं भर सके. खराब मौसम होने के कारण इंडिगो की फ्लाइट डायवर्ट की गई।
स्कूलों की छुट्टी
भोपाल शहर में सुबह तक करीब 6 इंच बारिश हो चुकी है, वहीं नर्मदापुरम में तवा डेम का जलस्तर 3 फीट से ऊपर बढ़ गया है. विदिशा में बेतवा उफन रही है, जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी कर दी है। वहीं रायसेन में नर्मदा के किनारे रहने वालों को अलर्ट कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कह दिया है।
भारी बारिश का यहां है अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के बुरहानपुर, भोपाल, खंडवा, बैतूल, धार, देवास, शाजापुर, नर्मदापुरम, हरदा, रायसेन और सीहोर सहित अन्य जिलों में सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।