Imran Khan Arrested: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें बढ़ गई है. तोशाखाना मामले में इस्लामाबाद स्थित डिस्ट्रिक्ट और सेशन कोर्ट ने इमरान को 3 साल की सजा सुनाई है. साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है.

इमरान की पार्टी पीटीआई ने दावा किया है कि इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया है. कोर्ट के फैसले के बाद इमरान का राजनीतिक करियर संकट में है, क्योंकि वह अगले 5 साल तक चुनाव नहीं लड़ पायेंगे. इस्लामाबाद पुलिस ने इमरान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया. इमरान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में माहौल गरमाया हुआ है.

इमरान को राहत देने वाली याचिका खारिज-

इससे पहले पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने तोशाखाना मामले में राहत की मांग करने वाली इमरान खान की याचिका खारिज कर दी थी. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख इमरान पर तोशाखाना से अपने पास मौजूद उपहारों का विवरण 'जानबूझकर छिपाने' का आरोप लगाया गया था. सभी आरोप सही साबित होने के बाद आज कोर्ट ने सजा का फैसला सुनाया.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, तोशाखाना पाकिस्तान में एक सरकारी विभाग है, जहां अन्य सरकारों के प्रमुखों, विदेशी गणमान्य व्यक्तियों से लेकर राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री, सांसदों, नौकरशाहों और अधिकारियों के उपहार रखे जाते हैं. प्रधानमंत्री रहते हुए इमरान खान पर तोशाखाना में रखे उपहारों को कम कीमत पर खरीदने और फिर उन्हें बेचकर मुनाफा कमाने का आरोप लगा है.

साल 2018 में देश के पीएम के तौर पर यूरोप और खासकर अरब देशों की यात्रा के दौरान इमरान खान को कई कीमती तोहफे मिले थे. कई उपहारों की घोषणा इमरान ने नहीं की थी, जबकि कई उपहार मूल से काफी कम कीमत पर खरीदे गए थे. फिर बाद में उन्हें ऊंची कीमत पर बेच दिया.

इमरान खान गिरफ़्तार-

इमरान खान ने जानबूझकर ईसीपी को तोशखाना उपहारों की फर्जी डिटेल जमा की थी और उन्हें भ्रष्ट आचरण का दोषी पाया गया है. इस्लामाबाद स्थित डिस्ट्रिक्ट सेशन कोर्ट के एडिशनल जज हुमायूं दिलावर ने फैसला सुनाते समय कहा कि इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ आरोप सही साबित हुए हैं. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पंजाब ने पुष्टि की है कि इमरान खान को गिरफ्तार कर कोट लखपत जेल ले जाया गया है.