भोपाल. मध्यप्रदेश में भारी बरसात का दौर लगातार जारी है। तेज और लगातार बारिश के कारण नदी—नाले उफान पर हैं. इससे कई जगहों पर रोडों, पुलों पर पानी आ जाने ये यातायात ठप हो गया है. इटारसी के पास तो रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है जिससे ट्रेनों की आवाजाही बंद हो गई है. यहां कई घंटों से रेल यातायात बंद है.
जानकारी के अनुसार इटारसी से नागपुर रेल रूट अभी बंद है. इस रूट पर भारी बरसात के कारण कीरतगढ़ व ताकू स्टेशन के बीच ट्रैक पर पानी आ गया है। बताया जा रहा है यह रूट करीब 4 घंटे से बंद है। इसके कारण कई ट्रेनों को डायवर्ट करने की तैयारी की जा रही है. जीटी एक्सप्रेस और आंध्रप्रदेश एक्सप्रेस को डायवर्ट कर भुसावल, अकोला से भेजने की तैयारी चल रही है। इधर नागपुर हाईवे भी बंद है। सुखतवा में पुल पर पानी आने से औबेदुल्लागंज-नागपुर नेशनल हाईवे भी बंद है। इटारसी में देर रात से तेज बारिश हो रही है. इसकी वजह से न्यू यार्ड डबल स्टोरी के पीछे स्थित वैशाली नगर में लोगों के घरों में पानी घुस गया। इंदिरा नगर व पुरानी इटारसी में देवल मंदिर के पास 4 से 5 फीट तक जल जमाव हो गया।