Shimla: हिमाचल की राजधानी शिमला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा जुब्बल में हुआ, जहां एचआरटीसी बस एक सड़क से पलटकर दूसरी सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस रोहड़ू डिपो की थी और चौंरी कैंची के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बस हादसा राजधानी शिमला से 90 किलोमीटर दूर हुआ। बस एक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ जाकर अटक गई।

Republic Bharat

इस हादसे में बस चकनाचूर हो गई। हादसे के वक्त बस में 7 लोग सवार थे। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर की भी मौत हो गई। बस जुब्बल तहसील के अंतर्गत कुड्डू से गिल्टाडी जा रही थी। बस सुबह छह बजे रूट पर चली लेकिन चार किलोमीटर बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में मरने वालों में एक महिला भी शामिल है। मृतकों की पहचान ड्राइवर करम दास, कंडक्टर, राकेश कुमार, महिला बिरमा देवी और धन शाह के रूप में की गई है। धन शाह नेपाल के रहने वाले थे। इसके अलावा गिलटाड़ी निवासी जितेंद्र रांगटा और दीपिका, जुब्बड़ और हस्ता बहादुर घायल हुए हैं। घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला में बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।