राजधानी दिल्ली में तिरंगे से स्कूटर पोंछना एक शख्स को महंगा पड़ गया। पुलिस का कहना है कि तिरंगे का अपमान करने के आरोप में 52 साल के इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये घटना उत्तरपूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके  है। पुलिस का कहना है कि यह शख्स उत्तरी घोंडा इलाके का रहने वाला है। 
यह मामला उस समय सामने आया, जब इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो को स्थानीय लोगों ने ही रिकॉर्ड किया था।


वीडियो में एक शख्स राष्ट्रीय ध्वज से अपने सफेद रंग के स्कूटर की धूल साफ करते और उसे पोंछते दिखाई दे रहा है। इस मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, कि मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और भजनपुरा पुलिस स्टेशन में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा दो के तहत उक्त व्यक्ति के खिलाफ़ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि स्कूटर पोंछने के लिए जिस तिरंगे का इस्तेमाल किया गया था। उस तिरंगे और स्कूटर दोनों को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा, आरोपी से जांच में शामिल होने को कहा गया है। शख्स का कहना है कि उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया था, उससे ऐसा गलती से हो गया था। पुलिस ने इस शख्स से जांच में शामिल होने और बुलाए जाने पर अदालत में पेश होने को कहा है।