मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म Amazon के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। अमेज़न पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रिंटेड जूते और कपड़े बेचे जा रहे थे। गृह मंत्री ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। राष्ट्रीयता, देश और राष्ट्र की भावना का अपमान करने वाला कोई भी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा लगता है कि ध्वज संहिता का उल्लंघन किया गया है। डीजीपी को मध्य प्रदेश में अमेजन के मालिक जेफ बेजोस और संस्था के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया है।

मिश्रा मंगलवार को मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह से कहा था कि वह वास्तव में इंदिरा गांधी के पुत्र हैं। दोनों के बीच हुई चर्चा को सुनकर लगता है कि कांग्रेस में लोकतंत्र नाम की कोई चीज ही नहीं बची है. दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बीच कार्यकर्ताओं के खिलाफ बेहूदा बात कांग्रेस के भविष्य को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश में पुलिस और रेडियो आरक्षक भर्ती में पदों की संख्या को 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार कर दिया गया है। सभी भर्तियां एमपी प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के माध्‍यम से की जाएंगी। 

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, सागर जिले के ग्राम गजियारी में दलित दूल्हे को उनकी परंपरा अनुसार गांव में पुलिस सुरक्षा के साथ घुमाया गया। बारात जाने के बाद रात में घर पर पथराव करने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि, विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची देखकर भयभीत व हतप्रभ हूं। संगीन मामलों में जेल में बंद अपराधियों, दंगाइयों को समाजवादी पार्टी ही टिकट दे सकती है।

गृह मंत्री ने कहा, गणतंत्र दिवस के मौके पर आजीवन कारावास‌ की सजा से दंडित 215 कैदियों को रिहा किए जाने का निर्णय लिया गया है। अच्छे आचरण के कारण 210 पुरुष और 05 महिला कैदियों की शेष सजा माफ की गई है।