अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तलाकशुदा पत्नी इवाना ट्रम्प का मैनहटन में बना 8,725 वर्ग फीट का आलीशान बंगला अब बिक रहा है। ब्रोकिंग फर्म ने बंगले की कीमत करीब 215 करोड़ रुपए रखी है। इसकी बिक्री से मिली रकम इवाना और डोनाल्ड ट्रंप के 3 बच्चों डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, एरिक ट्रंप और इवांका ट्रंप के बीच बांटी जाएगी।

5 बेडरूम वाले इस बंगले का इंटीरियर 1980 के दशक का है। इवाना ने यह बंगला 1992 में मात्र 20 करोड रुपए में खरीदा था। उसी साल उनका डोनाल्ड ट्रम्प से तलाक हुआ था। ज्ञात हो कि जुलाई 2022 में इवाना ट्रम्प अपने इसी बंगले में मृत पाई गई थी। सीढियों से गिरने के कारण 73 साल की इवाना को गंभीर चोटें आई थीं, जो उनकी मौत का कारण बनी।