जबलपुर। ट्रेन में टीटीई की वसूली कोई नई बात नहीं है. अब पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम के छापे में यह बात खुलकर सामने आ गई. सालों बाद फिर सक्रिय हुुई विजिलेंस टीम ने दो बड़ी कार्रवाई कर तीन लोगों को पैसे की अवैध वसूली करते हुए पकड़ा। जबलपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग और इंजीनियरिंग विभाग में ये छापे मारे गए.
विजिलेंस टीम ने हावड़ा से जबलपुर आ रही शक्तिपुंज एक्सप्रेस में छापा मारा। इस ट्रेन में ड्यूटी कर रहे टीटीई संतोष शर्मा के पास रखी नकदी की जांच की गई तो पता चला कि उनके पास 5700 रुपए अतिरिक्त हैं। विजिलेंस ने टीटीई पर मामला दर्ज कर जबलपुर मंडल के कमर्शियल विभाग को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी है।
इन दिनों ट्रेनों में भीड़ अधिक होने की वजह से यात्री सीट न मिलने से परेशान हैं। यात्रियों की इस परेशानी का कुछ टीटीई जमकर फायदा उठाते हैं. कुछ टीटीई अतिरिक्त पैसा लेकर उन्हें सीट आवंटित कर देते हैं। पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम को हावड़ा से चलकर जबलपुर आ रही शक्तिपुंज एक्सप्रेस में ऐसा ही कुछ मिला। औचक जांच के दौरान टीटीई संतोष शर्मा के पास निर्धारित राशि से 5700 रुपए अधिक मिले।
विजिलेंस टीम ने ट्रेन नंबर 11448 में कटनी साउथ से जबलपुर के बीच स्लीपर कोच में जांच की। जांच के दौरान टीटीई संतोष के पास सरकारी धन के तहत ईएफटी बुक की काटी रसीद के 4440 रुपए होने थे लेकिन जांच के दौरान उनके पास कुल 10140 रुपए मिले। इस प्रकार उनके पास 5700 रुपए अधिक थे। विजिलेंस टीम के अनुसार टीटीई संतोष शर्मा ने यह अतिरिक्त राशि यात्रियों से लेने की बात स्वीकारी।