भोपाल. कॉमनवेल्थ गेम्स में भोपाल की स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानि साई की जूडो खिलाड़ी तूलिका मान ने भारत के लिए मेडल जीता है। सिल्वर मेडल जीतने वाली तूलिका का नाम पहले कॉमनवेल्थ के खिलाड़ियों की लिस्ट में ही नहीं था। उनके अर्जुन अवॉर्डी कोच यशपाल सोलंकी को तूलिका पर पूरा भरोसा था। कोच ने उनके लिए स्पेशल परमिशन ली और तूलिका ने इंग्लैंड के बर्मिंघम में बुधवार को सिल्वर मेडल जीतकर उनका भरोसा कायमम रखा। तूलिका मान ने 78किग्रा कैटेगरी में लगातार क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीता। फाइनल में वे विश्व की नंबर.1 खिलाड़ी स्कॉटलैंड की सारा एडलिंग्टन से हार गईं।
तूलिका के कोच यशपाल सोलंकी ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तूलिका का नाम नहीं था तो हमने उसके लिए लड़ाई की। तब जाकर तूलिका कॉमनवेल्थ खेलने जा पाईं। उसके मेडल जीतने से हमारी मेहनत सफल हो गई। तूलिका मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं। उनकी मां अमृता सिंह दिल्ली पुलिस में हैं। तूलिका जब केवल 2 साल की थीं तभी उनके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद मां ने पूरी जिंदगी तूलिका के नाम ही कर दी। उनके खेल में मां की अहम भूमिका रही है। इसी वजह से तूलिका अपनी मां का ही सरनेम लगाती हैं।