ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के हाथों में लगातार दूसरे टी20 मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा।
दूसरे मुकाबले में ना तो टीम के बल्लेबाज चले और ना ही गेंदबाज छोटे स्कोर का बचाव कर सके। नतीजा यह हुआ कि भारत अब अगले तीनों मैचों में ‘करो या मरो’ की स्थिति में फंस गया है।
दोनों हार से ऋषभ पंत की कप्तानी और टीम मैनेजमेंट भी सवालों के घेरे में है। दूसरे मुकाबले में संकट में आने के बाद भी दिनेश कार्तिक से पहले अक्षर पटेल को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया।
ऋषभ पंत की कप्तानी के साथ टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर जमकर सवाल उठाए जा रहे हैं। कार्तिक ने नंबर 7 पर खेलते हुए आक्रामक 30 रन बनाए और टीम इंडिया को सम्मानजनक टोटल तक पहुंचाया।
उन्हें अक्षर पटेल के बाद भेजने पर कॉमेंटेटर और पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कार्तिक टीम इंडिया का अब मुख्य बल्लेबाज है उससे पहले अक्षर पटेल को भेजना किसी भी दृष्टि से सही नहीं है।
वही पहले मुकाबले में भी ऋषभ पंत की कप्तानी पर उस समय सवाल उठे थे जब उन्होंने टीम इंडिया के विशेषज्ञ स्पिनर यजुवेंद्र चहल से महज 2 ओवर की गेंदबाजी कराई थी।
चहल को तीसरे ओवर में जब लाया गया तब तक इंडिया मुकाबले से बाहर हो चुकी थी। आशीष नेहरा ने ऋषभ पंत की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि यह आश्चर्य की बात है कि चहल जैसे गेंदबाज ने आज सिर्फ 2 ओवर फेंके। जहीर खान ने भी कमोबेश इसी बात को दोहराते हुए कहा था कि चहल के पूरे कोटे का उपयोग नहीं करना एक गलती थी।
अब टीम इंडिया को सीरीज बचाने के लिए तीनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी दो मुकाबलों के दर्शन के आधार पर टीम इंडिया में बदलाव की मांग भी उठ रही है।
अक्षर पटेल और यजुवेंद्र चहल के साधारण प्रदर्शन को देखते यह माना जा रहा है कि तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम कम से कम दो बदलाव के साथ उतरेगी।
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को कटक में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में 4 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
टीम इंडिया द्वारा जीत के लिए दिए 149 रन के लक्ष्य को अफ्रीकी टीम ने 18.2 ओवर में 4 विकेट और 10 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था।