भोपाल: जबलपुर जिले में पौडा एवं कटंगी नाम से दो नई तहसीलें सृजित होंगी। इसके लिये राजस्व विभाग ने प्रारूप अधिसूचना जारी कर दी है। 20 फरवरी के बाद से नई तहसीलें विधिवत रूप से मूर्त रूप ले लेगी।

वर्तमान पाटन तहसील को तोडक़र कटंगी तहसील बनाई जायेगी। कटंगी तहसील में राजस्व निरीक्षक मंडल कटंगी के पटवारी हल्का नंबर 1 से 21 एवं 28 से 37 कुल 31 पटवारी हल्के तथा राजस्व निरीक्षक मंडल मझौली का पटवारी हल्का नंबर 25, इस प्रकार दोनों मंडलों के कुल 32 पटवारी हल्के शामिल होंगे।

इसी प्रकार, वर्तमान मझौली तहसील को तोडक़र पौडा तहसील बनाई जायेगी जिसमें राजस्व निरीक्षक मंडल पौडा के पटवारी हल्का नंबर 43 से 85 कुल 43 पटवारी हल्के शामिल होंगे। 

नई तहसीलें बनने से वहां के निवासियों को अपने पौडा एवं कटंगी तहसील मुख्यालय में ही कामकाज हेतु आना होगा तथा उन्हें दूर मझौली एवं पाटन तहसील मुख्यालयों में नहीं जाना होगा। दोनों नई तहसीलें बनने से जबलपुर जिले में तहसीलों की कुल संख्या 12 हो जायेगी।