रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 12वां दिन है। वैश्विक दबाव और तमाम प्रतिबंधों के बावजूद रूस के हमले तेज हो रहे हैं। हमले में यूक्रेन के आवासीय क्षेत्रों को काफ़ी नुकसान हो रहा है, जिससे दुनिया भर के लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एक बार फिर यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की।

समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से फोन पर बात की। फोन कॉल लगभग 35 मिनट तक चली। दोनों नेताओं ने यूक्रेन में उभरती स्थिति पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी बातचीत की सराहना की। पीएम मोदी ने यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा दी गई सहायता के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने सूमी से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए जारी प्रयासों में यूक्रेन सरकार से निरंतर समर्थन भी मांगा। आपकों बता दे कि, यह जानकारी भारत सरकार के सूत्र से आई हैं।

पहले भी हुई थी चर्चा :

रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया। फिर 26 फरवरी को जेलेंस्की से पहली बार पीएम मोदी ने फोन पर बात की थी। भारत संयुक्त राष्ट्र में रूस के खिलाफ मतदान से दूर रहा। इसलिए जेलेंस्की ने पीएम से कहा कि भारत को यूक्रेन और यूएन सुरक्षा परिषद को अपना समर्थन देना चाहिए। हालांकि भारत इस मामले में किसी एक पक्ष का समर्थन करने से बच रहा है। उन्होंने युद्ध को सुलझाने के लिए कूटनीति का आह्वान किया। भारत ने यूक्रेन युद्ध की निंदा की है, साथ ही रूस के खिलाफ मतदान से खुद को दूर किया है।

सरकार ने शुरू किया ऑपरेशन गंगा :

भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए ऑपरेशन गंगा शुरू किया गया है। ताकि युद्धग्रस्त देश से लोगों को वापस लाया जा सकें। नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने चार केंद्रीय मंत्रियों को भी नियुक्त किया है। उन्हें पड़ोसी देशों में भेजा गया है। इसके अलावा, विदेश मंत्रालय ने युद्धविराम का अनुरोध किया है, जिसे रूस द्वारा चुनिंदा रूप से लागू किया गया है।

इजरायल के पीएम ने पुतिन से की बात :

इससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री नाफ़्ताली बेनेट ने रविवार शाम रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बात की थी। यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच दोनों नेताओं ने एक दिन पहले मास्को में बातचीत की थी। प्रधान मंत्री कार्यालय के अनुसार, बेनेट ने जर्मन चांसलर ओलाफ शुल्ज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ भी फोन पर बात की। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे युद्ध को रोकने के लिए मध्यस्थता पर विचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नाफ़्ताली बेनेट ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ कई बार फोन पर बात की है।