शराब को हतोत्साहित करने वाली नई आबकारी नीति लाने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सम्मान किया। उमा भारती ने सीएम शिवराज को विजयी भव का आशीर्वाद भी दिया।

उमा भारती ने सोमवार सुबह मुख्यमंत्री को अपने घर बुलाकर उनका सम्मान और स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आबकारी नीति से मध्यप्रदेश पूरे देश में मॉडल स्टेट बन गया है, इसके लिए नारी शक्ति की तरफ से सीएम शिवराज का अभिनंदन।

आपको बता दें, कि सीधी में चुरहट-रीवा नेशनल हाईवे पर बसों एवं ट्रक की टक्कर से हुए भीषण सड़क हादसे के बाद नई आबकारी नीति को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का शनिवार को होने वाला अभिनंदन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। सीधी बस हादसे के चलते सीएम शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कार्यक्रम की आयोजन समिति से आग्रह किया था कि अभिनंदन समारोह स्थगित कर दिया जाए।

इसके बाद माता बेटी बाई स्मृति शिक्षण समिति की अध्यक्ष उमा भारती ने कहा था, कि सीएम की व्यथा एवं संवेदनशीलता में हम सहभागी है तथा हम मृतकों को श्रद्धांजलि एवं उनके परिजनों को सांत्वना देते हैं। हमारी व्यवस्थाओं के कारण घायलों की सेवा में सरकारी व्यवस्था में कोई कमी नहीं रह जाए यह हम सबका सामूहिक विचार है। इसलिए 25 फरवरी 2023 को प्रातः 11:30 बजे रविंद्र भवन, भोपाल में माननीय मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन समारोह अनिश्चित कालीन स्थगित किया जाता है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती प्रदेश में शराबबंदी को लेकर काफी मुख़र थी। शिवराज सरकार की नई आबकारी नीति आ जाने के बाद वे काफी खुश और संतुष्ट हैं। नई आबकारी नीति का उमा भारती ने दिल खोल कर स्वागत किया है। उन्होंने इस नई आबकारी नीति को महिलाओं के सम्मान के लिए सही ठहराया था। वे प्रदेश में अहातों को बंद किए जाने को लेकर काफी उत्साहित हैं।