भाजपा की तेज़तर्रार नेत्री और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि कुछ महिनों के लिये विश्राम ही एकमात्र उपचार है।

उमा भारती ने तबियत बिगड़ने की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर शेयर की है। रविवार को उन्होंने लिखा, 'बीती रात करीब 11.00 बजे अचानक मेरी तबीयत खराब होने पर मुझे मेरे आवास के पास स्मार्ट सिटी अस्पताल ले जाया गया। मेरी सभी टेस्ट रिपोर्ट नॉर्मल बता रही है, लेकिन बेहद थकी हुई और कमजोर महसूस कर रही हूं। सारी जांचों से डॉक्टरों के निश्चिंत हो जाने के बाद मेरे निजी डॉक्टरों के अनुसार मेरा कुछ महिनों के लिये विश्राम ही एकमात्र उपचार है।

उमा भारती ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों के लिए लिखा-आप प्लीज़ भूलना मत कि मैंने अपने उम्र के 6 साल से यानी लगभग 55 साल से पब्लिक लाइफ में कड़ी मेहनत की है। आपका संदेश, आपकी कोई परेशानी या कोई सूचना आप मेरे ऑफिस को अवश्य देते रहें। आप सब हमेशा मेरे ध्यान में रहेंगे।'