उमरिया (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक बाघिन संदिग्ध हालत में मृत पाई गई, जिससे इस साल अब तक राज्य में बाघों की मौत की संख्या 18 हो गई है..!
बाघिन करीब पांच साल की थी और शव गुरुवार को धमाखोर रेंज में मिली।
मृत बाघिन को देखने के बाद, वन विभाग के कर्मियों ने अपने उच्च अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद पशु चिकित्सकों की एक टीम ने वरिष्ठ वन अधिकारियों और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शव परीक्षण किया।
25 अप्रैल को बीटीआर में एक मादा बाघ शावक मृत पाई गई थी। करीब आठ महीने का शावक एक नर बाघ के हमले में मारा गया।
"बीटीआर में बाघिन की मौत के साथ, राज्य में इस साल अब तक 18 बाघों की मौत हो चुकी है।" 8 जनवरी से 24 अप्रैल के बीच राज्य भर में कुल 17 बाघों की मौत हुई है।
अखिल भारतीय बाघ अनुमान रिपोर्ट 2018 के अनुसार, मध्य प्रदेश 526 बाघों का घर था, जो देश के किसी भी राज्य में सबसे अधिक है।
राज्य में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा और पन्ना सहित कई बाघ अभयारण्य हैं।
जंगली सूअर और ऐसे अन्य जानवरों को मारने के लिए लोगों द्वारा वन क्षेत्रों के पास लगाए गए जाल भी बाघों की मौत का कारण बनते हैं, क्योंकि वे कई बार इसमें फंस जाते हैं।