भोपाल: भाजपा के वरिष्ठ सतना सांसद गणेश सिंह ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जब दुनिया आर्थिक मंदी से जूझ रही हो, ऐसे समय में भारत का आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहना यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल प्रबंधन का ही परिणाम है। इस बजट में अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच की इंफ्रास्ट्रक्चर व इन्वेस्टमेंट को मजबूत बनाने के लिये जो कार्यक्रम शुरू किये गये थे, उनके लिये पर्याप्त वित्तीय सहायता जारी रखी जायेगी।
प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एक साल के लिये बढ़ा दी गई है। इस पर 2 लाख करोड़ रूपये खर्च होगा, वह केन्द्र सरकार वहन करेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिये परिव्यय 66 प्रतिशत बढ़ाकर 79 हजार करोड़ से अधिक कर दिया गया है। किसान सम्मान निधि जो 2.2 लाख करोड़ रूपये थी, वह निरंतर जारी रहेगी।
रेलवे को 2013-14 की तुलना में 9 गुना अधिक 2.41 लाख करोड़ रूपये का आवंटन किया गया है। जो मध्यम वर्ग के कर दाता हैं, उनका 5 लाख से बढ़ाकर 7 लाख रूपये तक कोई भी टैक्स नही लिया जायेगा। यह अत्यंत सराहनीय कदम है। प्रति व्यक्ति आय दो गुना से अधिक बढ़कर 1.97 लाख रूपये हो गई है।
मोटा अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये किसानों को प्रोत्साहित करने का बजट में प्रावधान किया गया है। आज देश- दुनिया का सबसे बड़ा मोटे अनाज का उत्पादक और निर्यातक देश भी है। कृषि, मत्स पालन, सहकारिता, बागवानी, इन सभी को बढ़ावा देने के लिये पर्याप्त सहायता इस बजट में दी गई है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास जारी रहेगा, जो 2014 से अब तक 157 मेडिकल कालेज खोल गये थे, वहां सभी जगह नर्सिंग कालेज स्थापित किये जायेंगे। कृषि ऋण का लक्ष्य 20 लाख करोड़ रूपये होगा। मत्स सम्पदा में 6 हजार करोड़ का निवेश किया जायेगा। ऊर्जा सम्पदा के क्षेत्र में 35 हजार करोड़ का निवेश किया जायेगा। नवीकरणीय ऊर्जा के लिये 20,700 करोड़ का निवेश किया जायेगा। एकलव्य स्कूलों में 38800 अध्यापकों की नियुक्ति की जायेंगी।