तीसरे चरण की वोटिंग से पहले समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता अखिलेश यादव ने आज कई जगह चुनावी रैलीयों को संबोधित करते हुए योगी और मोदी सरकार जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि, जो लोग हमें गुंडा, अपराधी, माफिया कह रहे हैं, ध्यान से देखो माफिया कौन लोग है ? जो लोग माफिया को क्रिकेट खेलने देते हैं वही माफिया हैं। हमने पहले भी कहा है और फिर कह रहा हूं जिन लोगों को कानून तोड़ना है वह हमें वोट ना दें। बीजेपी ने सब बेच दिया। हवाई अड्डे, पानी का जहाज, बंदरगाह बिक गया। रेलगाड़ी बिकने जा रही है। रेलगाड़ी के साथ-साथ रेलवे की जमीन भी बिक रही है। अगर यह भाजपा वाले आ गए तो फिर से नौजवान नौकरी के लिए 5 साल पीछे हो जाएगा।

अखिलेश ने कहा, सपा की सरकार बनने पर विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा। भारतीय जनता पार्टी जाति,धर्म और वर्ग के आधार पर लोगों को बांटती है। ये लोग कारोबार और व्यापार की बात नहीं करते हैं। क्योंकि कारोबार और व्यापार हमें एक दूसरे से जोड़कर रखते हैं। आप देखना अब "रही सही कसर तीसरा चरण पूरा कर देगा और चौथा चरण आते-आते सपा की सरकार बन जाएगी। जब सातवें चरण तक चुनाव पहुंचेगा तब तक भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे।" यूपी की जनता जानती है यह बाबा मुख्यमंत्री को हटाने का चुनाव है। पिछड़ों और दलितों का जो अपमान किया है भाजपा ने, ये सम्मान बचाने का भी चुनाव है। सरकार बनते ही जाति जनगणना कराकर सपा सरकार में सभी को सम्मान देने का काम करेंगे।

अखिलेश का भाजपा पर वार : 

अखिलेश ने कहा, भाजपा के लोग कितना झूठ बोलते हैं अगर झूठ का ओलंपिक हो जाए तो सारे गोल्ड पदक भाजपा के लोग लेकर आएंगे। भाजपा ने झूठ बोलने का ठेका ले रखा है। भाजपा के छोटे नेता हैं वो छोटा झूठ बोल रहे हैं और जो सबसे बड़े नेता है वह सबसे बड़ा झूठ बोल रहे हैं। पहले और दूसरे चरण के मतदान में गठबंधन को भारी जनसमर्थन मिला है तीसरे और चौथे चरण तक गठबंधन की सरकार बन जाएगी। आने वाले समय में फिरोजाबाद में भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे आदमी नहीं दिखाई देंगे।

महंगाई पर अखिलेश का मोदी सरकार पर वार :

अखिलेश ने कहा, महंगाई बहुत बढ़ गई है इसलिए सपा ने तय किया है कि मोटर साइकिल वालों को 1 लीटर पेट्रोल दिया जाएगा और ऑटो वालों को 3 लीटर पेट्रोल/6 किलो सीएनजी गैस दी जाएगी। लेकिन इस बार साइकिल की रफ्तार बढ़ा देना। समाजवादी लोग आपकी तरक्की और खुशहाली लाने के लिए काम करते रहेंगे। सपा की सरकार बनेगी तो हम गौशालाओं का निर्माण करेंगे। बाबा मुख्यमंत्री का पसंदीदा जानवर इस समय लोगों की जान ले रहा है। एक पिता-पुत्र की साँड़ ने पटक-पटक कर जान ले ली बताइए यह सरकार साँड़ नहीं पकड़ पा रही है। तो फिर विकास कैसे करेगी।  

बेरोजगारी पर अखिलेश का सियासी दाव :

अखिलेश ने कहा, यह चुनाव भाईचारे का चुनाव है। यह चुनाव किसानों का चुनाव है। यह चुनाव अन्न संकल्प लेकर किसानों के मान सम्मान को पूरा करने का चुनाव है। फौज में पुलिस में भर्ती कराने का चुनाव है। 11 लाख पद खाली है, नौकरी मिल जाए उसका चुनाव है। हम लोग 5 साल से इसी दिन का इंतजार कर रहे थे। इसलिए ये चुनाव भाजपा को हराने का चुनाव है यूपी को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का चुनाव है। जोश और उत्साह बता रहा है कोई मुकाबला नहीं है। ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। 

समाजवादी पार्टी ने किए कई चुनावी वादें : 

1. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घरेलू इस्तेमाल की 300 यूनिट बिजली मुफ़्त दी जाएगी।

2. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 18,000 प्रति वर्ष समाजवादी पेन्शन गरीब वृद्धों, जरूरत मंद महिलाओं एवं बीपीएल परिवारों को मिलेगी।

3. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू होगी।

4. सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

5. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराई जाएगी। 

6. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 69000 शिक्षक भर्ती में हुए आरक्षण घोटाले को ठीक कर अभ्यर्थियों को चयनित किया जाएगा।

7.  समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मोटर साइकिल वालों को 1 लीटर पेट्रोल और ऑटो वालों को 3 लीटर पेट्रोल/6 किलो सीएनजी गैस दी जाएगी।