उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में अखिलेश की पारी को मजबूत करने के लिए ममता बेनर्जी की एंट्री हो गई है। यूपी में एंट्री के साथ ही ममता के बंगाली तेवर बीजेपी पर भारी पड़ते नज़र आए। ममता ने आज समाजवादी पार्टी के चुनावी मंच से बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। ममता ने मंच से कहा, बीजेपी हारने वाली है इसलिए विपक्ष पर हमले करा रही है। हमारे ऊपर कल हमला हुआ इससे यह मैसेज क्लियर है कि बीजेपी हारने वाली है नहीं तो हमारे साथ ऐसा व्यवहार क्यों होता..? 

सीएम ममता ने सपा के मंच से बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि, अखिलेश को जिताइये उनके शपथग्रहण में हम जरूर आएंगे। बंगाल में भी खेला हुआ, यूपी में भी इस बार खेला होगा। चुनाव के समय में कुछ भी कहो और उसके बाद भूल जाओ ये नहीं चलेगा। भाजपा कहती थी कि अच्छे दिन लेकर आएंगे लेकिन बुरे दिन ले आए। माँ-बहन को आगे बढ़ना है तो अखिलेश गठबंधन को वोट देना है। कल जो हमारी बेइज्जती की गई है उसका जवाब हमारी माँ-बहनें ज़रूर देंगी। 

सीएम ममता ने कहा, हमारे पास जानकारी है कि अखिलेश यादव का गठबंधन जीत रहा है मैं आपसे कहूँगी कि योगी सरकार को बदल दो। आज पूरे देश के नौजवान बीजेपी के खिलाफ हैं। भाजपा के लोग फेक वीडियो बनाकर लोगों को भेजते हैं ओर चुनाव के समय अफ़वाह फैलाने का काम करते है। अच्छे दिन के नाम पर बीजेपी रेलवे, हवाई जहाज, हवाई अड्डे बेंच रही है। अच्छे दिन के नाम पर बैंक और एलआईसी को बेंच रही है। अच्छे दिन के नाम पर आपको बोला था कि ₹15 लाख आपके खाते में आएंगे, आए क्या ?