प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि, जो हमारी बहन-बेटियों को भय मुक्त रखेगा, हम उसे ही वोट देंगे। जो अपराधियों को जेल भेजेगा, हम उसे ही वोट देंगे। भाजपा ने यूपी चुनावों के लिए अपना जो घोषणा पत्र जारी किया है, ये घोषणा पत्र लोक कल्याण का संकल्प पत्र है। डबल इंजन की सरकार जो काम कर रही है, उसके लिए यूपी में भाजपा सरकार बहुत जरूरी है। गरीबों को पीएम आवास योजना के घर मिलते रहें, इसके लिए यूपी में भाजपा सरकार बहुत जरूरी है। गरीबों को अच्छे अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के इलाज की मुफ्त सुविधा मिलती रहे, इसके लिए यूपी में भाजपा सरकार बहुत जरूरी है। 

यूपी में भाजपा सरकार बहुत जरूरी :पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि, छोटे किसानों के खाते में पीएम किसान का पैसा सीधे उनके खाते में पहुंचता रहे, इसके लिए यूपी में भाजपा सरकार बहुत जरूरी है। गरीबों को इस महामारी के समय मुफ्त राशन मिलता रहे, इसके लिए यूपी में भाजपा सरकार बहुत जरूरी है। गरीबों को कोरोना की वैक्सीन मुफ्त लगने में दिक्कत ना हो, इसके लिए यूपी में भाजपा सरकार जरूरी है। क्योंकि ये घोर परिवारवादी लोग सरकार में होते तो वैक्सीन रास्ते में ही कहीं बिक जाती। मैं आज यहां से प्रथम चरण का मतदान जो चल रहा है, वहां के मतदाताओं से भी क्षमा चाहता हूं। मेरा ये फर्ज बनता था कि चुनाव घोषित होने के बाद उनके बीच जाऊं। लेकिन मैं जा नहीं पाया था, चुनाव आयोग ने कुछ मर्यादाएं रखी थी। लेकिन मै वर्चुअल रूप से तो उनसे मिल लिया था।

मतदाताओं के आशीर्वाद के साथ चुनाव अभियान आरंभ : पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि, मैं प्रथम चरण के मतदाताओं से क्षमा याचना के साथ दूसरे चरण के मतदाताओं के आशीर्वाद के साथ आज चुनाव अभियान का आरंभ कर रहा हूं। योगी जी की सरकार यूपी के अलग-अलग जिलों को अच्छी सड़कों से जोड़ रही है, कनेक्टिविटी बढ़ा रही है। गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे, दिल्ली-सहारनपुर फोरलेन, सहारनपुर एयरपोर्ट, यूपी में इतनी तेजी से, इतने बड़े-बड़े काम पहले कभी नहीं हुए। भाजपा सरकार का ये इतिहास है, ये परंपरा है कि भाजपा सरकार जो संकल्प लेती है उसे पूरा करके दिखाती है। ये हमारी ही सरकार है, जिसने गन्ना किसानों को पहले के मुकाबले कई ज्यादा का भुगतान किया है।

हमारी सरकार एक बड़े विजन के साथ काम कर रही है : पीएम मोदी

गन्ना किसानों से पीएम ने कहा कि, गन्ना किसानों को जितना पैसा, पहले की सरकारों से 10 साल में मिला था उससे ज्यादा राशि योगी जी की सरकार ने उन्हें दी है। हम गन्ना किसानों को एक और परेशानी से मुक्ति दिलाने का स्थायी उपाय भी कर रहे हैं। हमारे गन्ना किसानों के सामने एक ऐसी समस्या होती है कि चीनी की कीमतें कम हो, या फिर चीनी मिलें बन्द हो तो गन्ना किसान परेशान हो जाता है। दुनिया के बाजार में चीनी की पैदावार बढ़ जाए, तो भी भारत मे चीनी कारखाने चीनी की पैदावार से डरते हैं,कारखाने बंद करते हैं, गन्ना किसान को परेशानी होती है। इस चुनौती से निपटने के लिये हमारी सरकार एक बड़े विजन के साथ स्थायी उपाय के रास्ते पर इस पूरे क्षेत्र को ले जाने के लिए काम कर रही है।

वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना हुई शुरू:पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि, गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अब गन्ने से सिर्फ चीनी बनें ऐसा ही नहीं बल्कि अब गन्ने से जब जरूरत पड़ेगी तब चीनी बनाएंगे, जब जरूरत पड़ेगी तब इथेनॉल बनाएंगे। लेकिन गन्ना किसान को परेशानी नहीं होने देंगे। कानून व्यवस्था सुधरने पर यूपी में, निवेशकों में एक बार फिर औद्योगिक विकास का विश्वास आया है। भाजपा सरकार यूपी के हर जिले, हर क्षेत्र की ताकत, वहां की विशेषता को पहचानकर, उसे बढ़ाने में जुटी है। इसी सोच के साथ वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना शुरू की गई है। ये गन्ना किसान को लाभ भी दे रहा है और उनकी आर्थिक व्यवस्था को एक सुरक्षा भी देता है। मुझे खुशी है, योगी जी ने ताबड़तोड़ इस काम में मेरी मदद की और भारत सरकार जो मिशन लेकर चल रही थी उसमे योगी जी कंधे से कंधा मिलाकर मेरे साथ चले।

गन्ना किसानों की आमदनी में हुई वृद्धि : पीएम मोदी

पीएम ने कहा, इतने कम समय में यूपी को 12 हजार करोड़ रुपये गन्ने से बने इथेनॉल से मिले हैं। जो उत्तर प्रदेश के काम आ रहे हैं, हम गन्ना किसान को सुरक्षा दे रहे हैं। मेरे गन्ना किसान भाइयों मेरे शब्द लिखकर रखिये, आने वाले दिनों में ये मामला 12 हजार करोड़ पर अटकने वाला नहीं है, ये राशि और बढ़ने वाली है। इससे गन्ना किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा। मैं इन दिनों देख रहा हूं कि घोर परिवारवादी पार्टी जनता से लगातार खोखले वादे किए जा रही हैं। वो इसी सोच पर चल रहे हैं कि उनको मालूम है कि यूपी की जनता इनके पुराने कारनामों को याद करके फिर से कभी उनको घुसने देने वाली नहीं है। उत्तर प्रदेश की जनता ने उनको नकार दिया है।

परिवारवादी सोच रास्ते में ही अटक गई :पीएम मोदी

यूपी में पहले जो सरकारें रही, वो इस तरह का विजन लेकर काम कर ही नहीं सकती थी। उसका कारण है परिवारवाद, परिवार से बाहर देखना और सोचना ही नहीं, उन्होंने आपकी चिंता कभी की ही नहीं, सब कुछ माफियाओं के भरोसे चलाते रहना ही उनका काम था। इन लोगों ने शहरो को 22 घंटे और गांवों को 20 घंटे बजली देने की बात कही थी, ऐसे वादे किए थे। लेकिन उन्होंने ऐसा पूरे यूपी में नहीं किया, यूपी को अंधेरे में रखा और अपने परिवार कों उजाला दिया। परिवारवादी सोच बिजली में भी वहीं पर अटक गई। आपको आगे भी इन लोगों के बहकावे में आपको नहीं आना है। इन लोगों को जब आपने मौका दिया, तब इन्होंने क्या किया ये कभी मत भूलना। 

सिर्फ और सिर्फ अपने परिवार की सेवा में लगे रहने वाले लोग, अपने परिवार का भला सोचने वाले लोग गरीब के लिए, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित के लिए, छोटे किसान के लिए कभी सोच नहीं सकते हैं, काम कभी कर नहीं सकते हैं। जब यहां ये घोर परिवारवादी लोग सत्ता में थे, तो इन्होंने सहारनपुर के शहरी इलाकों में 500 गरीबों के लिए घर बनाने की स्वीकृति दी थी। लेकिन ये 500 घर भी नहीं बना पाए, सिर्फ 200 घर बना पाए। इन लोगों के राशनमाफिया, हमारे गरीब भाइयों-बहनों का राशन भी खा जाते थे। उत्तर प्रदेश की जनता ने इनके ये कारनामे भी देखे हैं, और डबल इंजन की सरकार ने इनके इन कारनामों को बंद कर ताला लगा दिया।