केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के झांसी के मऊरानीपुर और बरुआसागर में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला। जनसभा को संबोधित करने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री मध्यप्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट पहुचें, जहां बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की खजुराहो एयरपोर्ट पर अगवानी की। इसके बाद अमित शाह झांसी में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार, कुछ देर के लिए अमित शाह खजुराहो एयरपोर्ट भी रुकें, उसके बाद वह चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए रवाना हुए।

उत्तर प्रदेश के झांसी के बरुआसागर में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोलते हुए कहा, ये परिवारवादी पार्टियां देश और दुनिया के लोकतंत्र पर धब्बा है। ये परिवारवादी उत्तर प्रदेश और देश का भला नहीं कर सकती। एक कांग्रेस पार्टी है जवाहर लाल, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और आगे भगवान जाने कौन गांधी। ये लोग देश का भला कर सकते हैं क्या ?

शाह ने कहा, उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह गए, कोई और मिला ही नहीं बेटे को बिठा दिया और पूरे यूपी का बंटाधार कर दिया। अखिलेश ने 5 साल में गुंडों और माफियाओं से गरीबों की जमीन कब्जाई। योगी आदित्यनाथ ने 2000 करोड़ रुपये की जमीन पर बुल्डोजर चलाकर खाली करा दी। अखिलेश ने अपने परिवार के 45 लोगों को अलग अलग पदों पर बैठाया। बल्कि मोदी सरकार ने 45 योजनाओं को आपके घर-घर तक पहुंचाया। सपा के लोगों ने बुंदेलखंड की बोली के लिए कुछ किया है क्या ? हमारी फिर से सरकार बनने के बाद हम बुंदेली एकेडमी बनाकर बुंदेली बोली को मजबूत करेंगे। हम यूपी में 5 अंतरराष्ट्रीय एक्जीबिशन सेंटर बनने वाले हैं, जिसमें से एक बुंदेलखंड में बनेगा।

शाह के अनुसार, बुंदेलों के पास मेहनतकश युवा हैं, विशाल भूमि है। लेकिन पानी और बिजली नहीं थी। मोदी औऱ योगी सरकार ने बुंदेलखंड के पानी के संकट को अच्छे से समझा है। हम ढेर सारी योजनाएं लाएं हैं, जिससे यहां पानी का संकट समाप्त हो जाएगा। एक समाजवादी इत्र वाले के पास से ढेरों नोटों की गड्डी मिली है। अखिलेश कहने लगे की प्रधानमंत्री मोदी ने रेड क्यों कराई। अखिलेश जी, अगर टैक्स नहीं भरा हो तो रेड तो होगी ही। आपका इस इत्र वाले से आखिर रिश्ता क्या है ? अब लोग आपकों अच्छी तरह से जानने लगे है। हमने तय किया है कि बुंदेलखंड का चहुंमुखी विकास करेंगे, इसके लिए बुंदेलखंड में मोदी जी डिफेंस कॉरिडोर लेकर आए हैं। बुंदेलखंड में जनरल बिपिन रावत के नाम से डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनेगा।

शाह ने कहा, पहले की सरकारों में किसानों की फसल MSP पर खरीदने की व्यवस्था नहीं थी। भाजपा सरकार में MSP पर किसानों की फसल खरीदने की व्यवस्था की है। पिछली सरकारों ने गरीबों का शोषण किया था, हमने गरीबों को शौचालय, आवास, बिजली और गैस देने का काम किया है। ये अंतर है भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी में। पहले की सरकार ने अवैध खनन दिया था, भाजपा ने डिफेंस कॉरिडोर दिया। उन्होंने अवैध कब्जे किए थे, हमने सोलर पावर का हब बनाया। उन्होंने दंगे दिए थे, हम हर घर को नल से शुद्ध जल दे रहे हैं। उन्होंने घोटाले किए थे, हमने अनेक लाभ की परियोजनाओं को आगे बढ़ाया है। आज यूपी की जनता चोरों तरफ विकास देख रही है, इसीलिए यूपी में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनने जा रही हैं।