यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण में 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान शुरू होने से पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने सभी मतदाताओं से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट डालने की अपील की है। वीडियो को सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी बीजेपी के ट्विटर अकाउंट से भी शेयर किया गया है।

फैसले का समय आ गया है: योगी 

वीडियो में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "नमस्कार, यूपी के भाइयों और बहनों, अब एक बड़े फैसले का समय आ गया है। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने पिछले 5 वर्षों में प्रतिबद्धता के साथ सब कुछ किया है। बदलाव आपने खुद देखा है। यह बदलाव आगे भी निरंतर जारी रहेगा, आप सभी लोग मतदान करें, अवश्य करें !

यह वोट एक निडर जीवन की गारंटी देगा : योगी 

मैं आपको एक बात दिल से बताना चाहता हूं। 5 साल में बहुत कुछ हुआ है। पिछली सरकारों ने जो अब तक नहीं किया था वह हमने पिछले 5 वर्षों में करके दिखाया है, हर जगह बदलाव नज़र आ रहा है। वोट मेरी 5 साल की तपस्या का आशीर्वाद है इसलिए ध्यान रखें कि यह वोट आने वाले वर्षों में एक निडर जीवन की गारंटी देगा।

पलायन करने वाले हिंदू आज अपने घरों को लौट रहे हैं : योगी

सीएम ने कहा कि, मैंने क्षेत्र के जाति, पंथ, धर्म, समुदाय, जिले के आधार पर बिना किसी भेदभाव के अपने सभी फैसले लिए हैं। पांच साल से आपने किसी धोखाधड़ी के बारे में नहीं सुना होगा। मैं एक योगी हूं और मेरे भगवे पर 2 रुपए के भ्रष्टाचार का भी कोई दाग नहीं लगा सकता। लेकिन मैं आपको इसके लिए वोट करने के लिए नहीं कहूंगा। मुझे यह शोभा नहीं देगा मुझे सबसे ज्यादा संतोष इस बात का है कि आज हमारा यूपी ठगों, बदमाशों, पेशेवर अपराधियों के आतंक से मुक्त हो गया है। पलायन करने वाले हिंदू आज अपने घरों को लौट रहे हैं।

सीएम योगी ने की लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील :

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से चुनाव में ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की है। सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा है कि,आज लोकतंत्र के महायज्ञ का प्रथम चरण है। आपके अमूल्य वोट की आहुति के बगैर यह अनुष्ठान पूरा नहीं होगा। आपका एक 'वोट' अपराधमुक्त, भयमुक्त, दंगामुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा। इसलिए 'पहले मतदान फिर जलपान' तब अन्य कोई काम...!

11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान :

यूपी में 18वीं विधानसभा के लिए 7वें चरण के मतदान के पहले चरण का मतदान सुबह से ही जारी है। मतदान के लिए मतदाता सुबह 7 बजे केंद्र के बाहर पहुंचे और 2022 में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता आज अपने मतदान का उपयोग करेंगे।