उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। आजमगढ़ के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा के दौरान मयंक जोशी ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश ने मंच पर मयंक को सदस्यता दिलाई।

आपको बता दें कि मयंक ने सपा का हाथ थाम लिया है और दूसरी तरफ उनकी मां रीता बहुगुणा जोशी को भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार आएगी। प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने प्रयागराज में पांचवें चरण के मतदान में अपना वोट डालने के बाद मीडिया से कहा कि इस बार मतदान के लिए लोगों का उत्साह बहुत अधिक है इसलिए भाजपा 300 को पार कर जाएगी। जनता ने मन बना लिया है। भाजपा अब तक के रुझानों में आगे है और हमने पांचवें चरण के मतदान के बाद 200 का आंकड़ा पार कर लिया है।

बेटे के लिए मांगा था टिकट :

बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी विधानसभा चुनाव में लखनऊ केंट सीट से अपने बेटे मयंक के लिए पार्टी से टिकट मांग रही थीं। इसके लिए उन्होंने पार्टी आलाकमान को पत्र भी लिखा था। उन्होंने लिखा कि मयंक कई सालों से विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं। वह वास्तव में टिकट का हकदार है। जरूरत पड़ने पर वह सांसद पद से इस्तीफा देने को भी तैयार हैं। लेकिन इस सीट से बीजेपी ने मयंक की जगह योगी सरकार में मंत्री बृजेश पाठक को उतारा है।

रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद से बीजेपी सांसद हैं। उन्होंने केंट विधानसभा से 2017 का विधानसभा चुनाव जीता और बाद में 2019 में उन्होंने लोकसभा चुनाव जीता। सांसद बनने के बाद लखनऊ केंट सीट खाली हो गई और भाजपा के सुरेश तिवारी विधायक बने।

अखिलेश ने बीजेपी पर साधा निशाना :

आजमगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग गर्मी दूर करने की बात कर रहे थे वे छठे चरण तक ठंडे हो गए हैं। छठे चरण में उनके घरों से झंडा फहराया गया है। बाबा सीएम को छठे चरण से नींद नहीं आ रही है।