उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ट्यूशन पढ़कर साइकिल से लौट रहे छात्र का पैर कार के पिछले हिस्से में फंस गया। इससे घबराए चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, बल्कि फंसे छात्र को काफी दूर तक घसीटता ले गया। छात्र को बचाने के लिए कार के पीछे कई लोग भागते हुए भी नजर आये। आखिरकार भीड़ ने कार को रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी। जिसका CCTV विडियो अब वायरल हो रहा है।
ट्यूशन से लौट रहा था छात्र-
हरदोई के आशानगर इलाके में रहने वाला 16 वर्षीय छात्र केतन शुक्रवार को ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी बीच सोल्जर बोर्ड चौकी के पास एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार में छात्र का पैर फंस गया। आसपास के लोगों द्वारा शोर मचाने पर चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और कार में फंसे छात्र को काफी दूर तक घसीटता रहा।
उधर, छात्र को बचाने के लिए पीछे भाग रहे लोगों ने कार को रोका और फंसे छात्र को बाहर निकाला। जिसके बाद छात्र को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिर भीड़ ने चालक की पिटाई कर दी। इसी दौरान वहां पहुंची पुलिस ने भीड़ को काबू किया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।