मथुरा जिले में दिल्ली के कंझावाला जैसी वारदात सामने आई है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार कार एक युवक के शव को करीब 10 किलोमीटर तक घसीटती चली गई। जब ये कार टोल प्लाजा पर रुकी तो भयावह मंजर देख सुरक्षाकर्मी सहम गए।
आनन-फानन में यह सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना मथुरा के थाना मांट इलाके की है। यहां यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्विफ्ट कार में शव फंसा मिला। कई किलोमीटर तक घसीटने के बाद उसके शरीर के चिथड़े-चिथड़े हो गए थे।
यमुना एक्सप्रेस वे के मांट टोल पर ये कार जैसे ही आकर रुकी तो कार के पीछे का नजारा देख सुरक्षा गार्ड दंग रह गया। सुरक्षाकर्मी ने देखा कि स्विफ्ट कार के पीछे युवक का शव लटका हुआ था। इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस भी शव की हालत को देखकर दंग रह गई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पता चला कि यमुना एक्सप्रेसवे के माइल 106 पर जूते, मोबाइल और शव के अवशेष मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी स्थान पर हादसा हुआ होगा।पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि स्विफ्ट कार (DL12 CT2125) आगरा से नोएडा जा रही थी। शव किसका है अभी इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कार चालक ने कहा कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि यमुना एक्सप्रेस वे पर काफी कोहरा था। दुर्घटना किसी अन्य वाहन से हुई होगी और शव उनकी कार में फंस गया होगा। फिलहाल पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे के कारण और घटना की पूरी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।