जिंदगी में कुछ करने का जज़्बा हो, तो सफलता ज़रूर मिलती है। एलडीए के संयुक्त सचिव पद पर तैनात पीसीएस अफसर ऋतु सुहास ने मिसेज इंडिया 2019 का खिताब जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया था। बीते दिनों ऋतु को लखनऊ में एक फैशन शो में रैंप पर कैटवॉक करते हुए देखा गया। कम ही लोग इस बात को जानते हैं, कि ऋतु एक प्रशासनिक अधिकारी हैं और 2019 में मिसेज़ इंडिया रह चुकी हैं।

साल 2019 में मिसेज इंडिया कॉन्टेस्ट में मुंबई में हुए फाइनल राउंड में ऋतु ने अपने प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया था। खिताब जीतने के बाद उन्होंने कहा कि यह सफर मुश्किल जरूर था लेकिन न मुमकिन नहीं। थोड़ी मेहनत और खुद पर भरोसे से यह मुकाम हासिल हुआ है।

खिताब जीतने के बाद ऋतु सुहास ने बताया कि सबसे पहले लखनऊ में ऑडिशन हुए थे उस दौरान मैंने ऑडिशन दिया था यूपी की संस्कृति को ध्यान में रखकर मैंने ड्रेस पहनी थी। इसके बाद दस से पंद्रह सितम्बर के मध्य मुंबई में मिसेज इंडिया का आयोजन किया गया। 

ऋतु सुहास ने कहा कि इसके लिए सबसे ज्यादा उनके पति आईएएस सुहास एलवाई ने काफी प्रेरित किया। वो मुझसे अक्सर कहते थे कि थोड़ा अपने लिए समय निकालो। उन्होंने मेरे हर कदम पर साथ दिया। इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए वो ज्यादातर बाहर ही रहते है। समय की कमी के चलते वो ज्यादा वक्त तो नही बिता पाते थे मगर हमेशा प्रेरित करते थे।