उत्तरप्रदेश के शाहजहांपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। चोरी के आरोप में व्यापारियों ने मैनेजर को बेरहमी से पीटा। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहजहांपुर में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजरको खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो एक गोदाम का है। इसमें होजरी का सामान रखा हुआ था। मारे गए युवक के आसपास करीब एक दर्जन लोग भी वीडियो में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में युवक पिटाई के कारण बेहोश नजर आ रहा है। कहा जा रहा है, कि आरोपियों ने युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और जब उसकी सांसें रुक गईं तो उसे हॉस्पिटल के बाहर पटककर भाग गए।

मृतक की पहचान ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर शिवम जौहरी के रूप में हुई है। शिवम को गोदाम में बांधकर डंडे से पीटा जा रहा है। सदर बाजार थाना पुलिस ने शिवम के पिता की तहरीर पर उद्योगपति नेता नीरज गुप्ता व ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक बंकिम सूरी समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।