कानपुर में पत्नी पर तेजाब फेंकने का आरोप लगा ने वाला पति अब अपने बयान से मुकर गया है। पति ने पहले अपनी पत्नी पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया था और उसे जेल भेज दिया था, लेकिन अब वो अपने आरोप से मुकर गया है। अब इस व्यक्ति और उसकी मां का कहना है कि उसके ऊपर गर्म पानी गिर गया था। यानी अब वह अपनी पत्नी को बेकसूर बता रहे हैं।

दरअसल, कानपुर के कलेक्टर गंज इलाके में रहने वाले डब्बू गुप्ता कुछ काम-धंधा नहीं करते हैं। उनकी पत्नी पूनम उनके नशे की आदत से काफी परेशान रहती थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं, वह खुद काम करके घर का खर्चा चलाती है। शनिवार की रात जब पत्नी घर पहुंची तो पति शराब के नशे में घर आया।

पति डब्बू गुप्ता ने पत्नी से पूछा कि इतनी देर से क्यों आई। तुम कहां चली गई थी बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और दोनों पति-पत्नी के बीच मारपीट होने लगी। इसके बाद अचानक पति चिल्लाने लगा कि पत्नी ने उस पर तेजाब फेंक दिया है। इलाके में हड़कंप मच गया। तभी पुलिस भी आ गई और पत्नी को पकड़कर थाने ले गई।

पति की FIR के आधार पर पुलिस ने रविवार को पत्नी पूनम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बीच पति लगातार थाने में आरोप लगाता रहा कि पत्नी ने उस पर तेजाब फेंका है, लेकिन 24 घंटे बाद जब पति घर पहुंचा तो उसने बयान बदल दिया।  अब पति कह रहा है कि पत्नी ने मुझ पर तेजाब नहीं फेंका, मैं नशे में था और गुस्से में था।

पति ने कहा कि मैं पानी ले रहा था वही पानी मेरे मुंह पर गिरा। पूनम की सास कैलाशा देवी भी कह रही हैं कि मेरी बहू ने तेजाब नहीं डाला, बेटा खुद पानी ले रहा था और वही पानी गिर गया, जबकि पुलिस कह रही है कि पति की तहरीर के आधार पर हमने पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।